-पीएम मोदी ने राजघाट पहुंचकर बापू को दी श्रद्धांजलि… बोले- ‘हमेशा बापू के आदर्शों पर खरे उतरें

  • गांधीजी को श्रद्धांजलि के रूप में खादी और हस्तशिल्प उत्पाद खरीदने का किया आग्रह

-राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर की देश भर में मनाई गई जयंती

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार ( दो अक्तूबर) को राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 153वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर भजन कार्यक्रम भी रखे गए थे। वहीं बापू को श्रद्धांजलि देने से पहले पीएम मोदी ने ट्वीट भी किया। उन्होंने ट्वीट कर इस बार की गांधी जयंती को बेहद खास बताया। उन्होंने लिखा कि यह गांधी जयंती और भी खास है क्योंकि भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। मैं लोगों से हमेशा बापू के आदर्शों पर चलने की अपील करता हूं। मैं आप सभी से गांधीजी को श्रद्धांजलि के रूप में खादी और हस्तशिल्प उत्पाद खरीदने का भी आग्रह करता हूं। बता दें, बापू व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर देश भर में उन्हें याद किया गया।

शास्त्री को भी दी श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने ट्वीट के जरिए पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि लाल बहादुर शास्त्री जी को उनकी सादगी और निर्णायकता के लिए पूरे भारत में सराहा जाता है। हमारे इतिहास के बहुत ही महत्वपूर्ण समय में उनका कठिन नेतृत्व हमेशा याद किया जाएगा। जयंती पर उन्हें शत शत नमन।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने महात्मा गांधी को किया नमन

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने लोगों से महात्मा गांधी की 153वीं जयंती पर हिंसा से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर, हम महात्मा गांधी के जन्मदिन और शांति, सम्मान और सभी के द्वारा साझा की जाने वाली आवश्यक गरिमा के मूल्यों का जश्न मनाते हैं। हम इन मूल्यों को अपनाने और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए संस्कृतियों और सीमाओं के पार काम करके आज की चुनौतियों को हरा सकते हैं।


बापू की विरासत हथियाना आसान, पदचिह्नों पर चलना मुश्किल

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के बदनवालु में खादी ग्रामोद्योग में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, सत्ता में बैठे लोगों के लिए महात्मा गांधी की विरासत को हथियाना आसान है, लेकिन उनके पदचिह्नों पर चलना मुश्किल है। राहुल ने कहा, महात्मा गांधी की हत्या करने वाली विचारधारा ने पिछले आठ वर्षों में देश में असमानता और विभाजन को जन्म दिया है। उन्होंने कहा, इन लोगों ने कड़ी मेहनत से हासिल की गई आजादी का क्षरण किया है। हम भारत के उस महान सपूत को याद करते हैं और श्रद्धांजलि देते हैं। गांधी ने ट्वीट कर कहा, “बापू ने हमें सत्य और अहिंसा के पथ पर चलना सिखाया। प्रेम, करुणा, सद्भाव और मानवता का अर्थ समझाया। आज गांधी जयंती पर हम प्रण लेते हैं, जिस तरह उन्होंने देश को अन्याय के खिलाफ एकजुट किया था, वैसे ही अब हम भी अपना भारत जोड़ेंगे।


प्रातिक्रिया दे