पीएम मोदी का जन्मदिन कल, कल पैदा होने वाले बच्चे को मिलेगी सोने की अंगूठी

-तमिलनाडु की भाजपा इकाई कर रही विशेष आयोजन, 720 किलो मछली भी बांटेगी

चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम सीमा पर है। शनिवार को उनके जन्मदिन को खास बनाने के लिए तरह-तरह की तैयारियां की जा रही हैं। इस बीच भाजपा की तमिलनाडु इकाई ने खास व्यवस्था की है। यहां पीएम मोदी के जन्मदिन के दिन पैदा होने वाले बच्चों को सोने की अंगूठी देने का फैसला किया गया है। इतना ही नहीं इस दिन 720 किलोग्राम मछली बांटने की भी योजना है।

दो ग्राम वजन की होगी अंगूठी

मत्स्य पालन और सूचना व प्रसारण मंत्री एल मुरुगन ने कहा कि अंगूठी बांटने के लिए चेन्नई के आरएसआरएम अस्पताल को चुना गया है। यहां पैदा होने वाले सभी बच्चों को सोने की अंगूठी दी जाएगी। एक अंगूठी करीब दो ग्राम की होगी, जिसकी कीमत 5000 रुपये के आसपास होगी। अनुमान के मुताबिक, शनिवार को अस्पताल में 15 से 20 बच्चों को जन्म होगा।

स्टालिन के निर्वाचन क्षेत्र में बांटी जाएगी मछली

मुरुगन ने बताया, 720 किलोग्राम मछली बांटने के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के निर्वाचन क्षेत्र को चुना गया है। इसके पीछे प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा, पीएम मोदी 72 साल के हो रहे हैं। इस लिए 720 किलो मछली बांटी जाएगी।

मोदी को मिले तोहफों की नीलामी आज से

प्रधानमंत्री मोदी चौथी बार अपने उपहारों की नीलामी करने जा रहे हैं। ये नीलामी 17 सितंबर पीएम के जन्मदिन से लेकर गांधी जयंती तक चलेगी। इसमें 100 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक के देश-विदेश से मिले उपहार शामिल हैं। इस बार की नीलामी का खास आकर्षण पीएम को खिलाड़ियों से मिले तोहफे हैं। यहीं तोहफे सबसे अधिक कीमत के हैं। इनकी शुरुआत ही 5 लाख रुपये से शुरू हो रही है। इस नीलामी से मिली सारी राशि नमामि गंगे प्रोजेक्ट के लिए दी जाएगी।

—0000

प्रातिक्रिया दे