महंगाई पर राहुल गरजे, कहा- नफरत फैलाकर देश को किया कमजोर

—दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटे देशभर के कांग्रेसी

—-पीएम मोदी, भाजपा और संघ पर साधा निशाना

—उद्योगपतियों पर भी कसा तंज, ईडी पर भी तल्ख टिप्पणी

नई दिल्ली। महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘महंगाई पर हल्ला-बोल’ रैली आयोजित की। यहां कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी, भाजपा और संघ पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि नफरत फैलाकर भारत को कमजोर किया। राहुल ने कहा, मुझे ईडी ने 55 घंटे बिठाया। लेकिन मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा, अगर आज हम नहीं खड़े हुए तो देश नहीं बचेगा। क्योंकि ये देश संविधान है। ये देश इस देश की जनता की आवाज है। यह देश इस देश की जनता का भविष्य है। यह देश दो उद्योगपतियों का नहीं है।


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि इस नफरत एवं क्रोध के माहौल का फायदा चीन, पाकिस्तान और उन सभी लोगों को होगा जो भारत के दुश्मन हैं। उन्होंने कांग्रेस की ‘महंगाई पर हल्ला-बोल’ रैली में यह भी कहा कि अब विपक्ष के पास जनता के पास जाने और सीधा संवाद करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है, इसीलिए कांग्रेस सात सितंबर से ‘भारत जोड़ो’ यात्रा निकालने जा रही है। ‘नेशनल हेराल्ड’ से संबंधित कथित धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को समझ लेना चाहिए कि वह (राहुल) ईडी से नहीं डरने वाले हैं। राहुल गांधी ने कहा, जबसे भाजपा की सरकार आई है तबसे देश में नफरत और क्रोध बढ़ता जा रहा है। उनके मुताबिक, जिसको डर होता है, उसी के दिल में नफरत पैदा होती है। जिसको डर नहीं होता, उसके दिल में नफरत पैदा नहीं होती। उन्होंने दावा किया, देश में भविष्य का डर, महंगाई का डर और बेरोजगारी का डर बढ़ता जा रहा है। इसके कारण नफरत बढ़ती जा रही है। नफरत से लोग बंटते हैं और देश कमजोर होता है। भाजपा और आरएसएस के नेता देश को बांटते हैं तथा जानबूझकर देश में भय और नफरत पैदा करते हैं। गांधी ने किसी का नाम लिए बिना कहा, इस डर और नफरत का फायदा किसको मिल रहा है? क्या गरीब आदमी को फायदा मिल रहा है? पूरा का पूरा फायदा हिंदुस्तान के दो उद्योगपति उठा रहे हैं। बाकी उद्योगपतियों से पूछ लो, वो भी बताएंगे कि सिर्फ दो व्यक्तियों का फायदा हुआ है। सब कुछ इन्हीं दो व्यक्तियों के हाथों में जा रहा है। उन्होंने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने का हवाला देते हुए कहा, ‘‘मोदी जी कहते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया तो हम बताना चाहते हैं कि कांग्रेस ने महंगाई इतनी कभी नहीं बढ़ाई।

उद्योगपतियों पर कही यह बात

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री हैं, लेकिन दो उद्योगपतियों के समर्थन के बिना वह प्रधानमंत्री नहीं हो सकते, मीडिया के समर्थन के बिना वह प्रधानमंत्री नहीं हो सकते।राहुल गांधी का कहना था, मीडिया पर दो उद्योगपतियों का नियंत्रण है। हमारे लिए सब रास्ते बंद हैं, हमारे लिए सिर्फ एक ही रास्ता बचा है। वो रास्ता है- जनता के बीच जाकर जनता को देश की सच्चाई बताना और जनता की बात को सुनना व समझना।

ईडी-सीबीआई को विपक्ष पर लगा दिया

राहुल ने कहा कि विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई को लगा दिया जाता है। नरेंद्र मोदी जी को बताना चाहता हूं कि मैं आपकी ईडी से नहीं डरता। आप 55 घंटे रखो, 100 घंटे रखो, 200 घंटे रखो, पांच साल रखो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया, हमारा संविधान देश की आत्मा है, इसको बचाने का काम हर हिंदुस्तानी को करना पड़ेगा। अगर हमने ये काम नहीं किया तो फिर ये देश नहीं बचेगा7

गहलोत बोले- भाजपा के लोग फासीवादी

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, भाजपा के लोग फासीवादी हैं। इन्होंने लोकतंत्र का मुखौटा पहन रखा है। गहलोत ने कहा, गांधी परिवार की विश्वसनीयता प्रधानमंत्री से भी ज्यादा है। गहलोत ने कहा कि यूपीए सरकार के समय में जब अन्ना हजारे और केजरीवाल ने आंदोलन किए। वह हमारी सरकार के खिलाफ षड्यंत्र थे।

कांग्रेस में आना और जाना आसान, लेकिन टिके रहना कठिन: अधीर रंजन

लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस में आना आसान है, जाना आसान है, लेकिन टिके रहना मुश्किल है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा को अब अपना नारा बदल लेना चाहिए। पहले नारा था मोदी है तो मुमकिन है। अब इसको बदलकर मोदी है तो महंगाई है, कर देना चाहिए। चौधरी ने कहा कि मोदी जी देश को तोड़ते हैं तो राहुल जी जोड़ते हैं।

प्रातिक्रिया दे