-डिवाइडर से टकरा गई साइरस मिस्त्री की कार, दो और की मौत
मुंबई। टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की महाराष्ट्र के पालघर में रविवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह 54 वर्ष के थे। यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब मिस्त्री की कार मुंबई से सटे पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई। उस समय मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे। पालघर जिले के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा, दुर्घटना अपराह्न लगभग 3.15 बजे हुई। मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई की ओर जा रहे थे। यह हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ। उन्होंने कहा, दुर्घटना में मिस्त्री और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत दो अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए गुजरात भेज दिया गया है। हादसे का शिकार हुई कार में मिस्त्री और ड्राइवर समेत कुल चार लोग सवार थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा कासा थाना क्षेत्र में सूर्या नदी पुल पर चरोटी नाका में हुआ। मिस्त्री की कार डिवाइडर से टकराने के बाद रिटेंशन वॉल से जाकर टकरा गई। हादसे में जान गंवाने वाले मिस्त्री और जहांगीर पंडोल के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कासा ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है। पाटिल ने कहा कि हादसे में घायल हुए दोनों लोगों- ड्राइवर अनायता पंडोल और डेरियस पंडोल को इलाज के लिए गुजरात के वापी के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। पालघर के पुलिस अधिकारी सचिन नवादकर ने कहा कि स्थानीय पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
मुंबई जा रहे थे मिस्त्री
पालघर जिले के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा, दुर्घटना अपराह्न लगभग 3.15 बजे हुई। मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई की ओर जा रहे थे। यह हादसा सूर्या नदी पर चरोटी नाका में हुआ। मिस्त्री के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कासा ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है।
चार सवार में दो की मौत
साइरस मिस्त्री के साथ थे कार में जहांगीर दिनशॉ पंडोले, अनाहिता पंडोले, डेरियस पंडोले सवार थे। इनमें से साइरस मिस्त्री और जहांगीर पंडोले का निधन हो गया है। अनाहिता पंडोले स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। वह कार चला रही थीं। इस हादसे में वह घायल हुई हैं।
आयरलैंड में जन्म
54 वर्षीय साइरस मिस्त्री भारतीय मूल के सबसे सफल और ताकतवर कारोबारियों में से एक पलोनजी शापूरजी मिस्त्री के बेटे थे। साइरस मिस्त्री का जन्म आयरलैंड में हुआ था। उन्होंने लंदन बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की थी। साइरस ने परिवार के पलोनजी ग्रुप में 1991 में काम करना शुरू किया था।
2012 में बने थे टाटा संस के चेयरमैन
साल 2006 में पालोनजी मिस्त्री के सबसे छोटे बेटे साइरस मिस्त्री टाटा संस के साथ जुड़े थे। इसके बाद दिसंबर 2012 में रतन टाटा की जगह टाटा संस का चेयरमैन बनाया गया था। टाटा संस के चेयरमैन बनाए जाने के 4 साल बाद 2016 में उन्हें अचानक पद से हटा दिया गया था।
छोड़ गए 70 हजार 957 करोड़ की संपत्ति
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2018 में साइरस मिस्त्री की व्यक्तिगत नेटवर्थ 70,957 करोड़ रुपए थी। उनका कारोबार 50 देशों में फैला हुआ है।
आलीशान बंगले में रहते थे साइरस
साइरस मिस्त्री अपनी पत्नी रोहिका छागला के साथ मुंबई के एक बड़े और आलीशान घर में रहते थे। मुंबई के अलावा साइरस मिस्त्री का आयरलैंड, लंदन और दुबई में भी आवास है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साइरस मिस्त्री के नाम पर शानदार याट है। साल 2020 के प्रबंधन विवाद तक, साइरस मिस्त्री के पास टाटा समूह के निजी जेट बेड़े तक पहुंच थी।
9999999999999

