बवाल मचने के बाद बैकफुट में मोदी सरकार
-केंद्रीय मंत्री पुरी के बयान के बाद गृहमंत्रालय ने दी सफाई
-आप ने लगाया था भाजपा पर रोहिंग्याओं को बसाकर षडयंत्र रचने का आरोप
नई दिल्ली। रोहिंग्या शरणार्थियों को बसाने पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के बयान ने हलचल पैदा कर दी है। इस पर अब गृह मंत्रालय की सफाई आई है। मंत्रालय ने साफ किया है कि रोहिंग्या शरणार्थी डिटेशन सेंटर्स में ही रहेंगे। इससे पहले हरदीप पुरी ने कहा था कि रोहिंग्या शरणार्थियों को दिल्ली में ईडब्लूएस फ्लैट्स में शिफ्ट किया जाएगा।
गृह मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि मंत्रालय ने रोहिंग्या अवैध प्रवासियों को नई दिल्ली के बक्करवाला में ईडब्लूएस फ्लैट्स में रखने का कोई निर्देश नहीं दिया है। बताया गया कि दिल्ली सरकार ने प्रस्ताव दिया था कि रोहिंग्याओं को नई लोकेशन पर शिफ्ट किया जाए। इस पर एमएचए ने दिल्ली सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि रोहिंग्याओं को मौजूदा लोकेशन कंचन कुंज (मदनपुर खादर) में ही रखा जाए. बता दें कि दिल्ली में करीब 1,100 रोहिंग्या रह रहे हैं। उनके रहने के लिए टेंट आदि की व्यवस्था है।
एमएचए ने बताया कि रोहिंग्याओं को मौजूदा जगह पर रखने की बात इसलिए कही गई है क्योंकि सरकार विदेश मंत्रालय के माध्यम से अवैध विदेशियों के निर्वासन के लिए संबंधित देशों से बातचीत कर रही है। फिर उनको वापस भी भेजा जाना है। गृह मंत्रालय ने कहा है कि निर्वासित किए जाने तक अवैध विदेशियों को डिटेंशन सेंटर्स में ही रखा जाएगा।
हरदीप पुरी ने क्या ट्वीट किया?
यह मामला केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के ट्वीट के बाद चर्चा में आया। हरदीप पुरी ने ट्वीट कर कहा कि भारत हमेशा उनका स्वागत करता है जिन्होंने देश में शरण मांगी है। एक ऐतिहासिक फैसला करते हुए सभी रोहिंग्या शरणार्थियों को दिल्ली के बक्करवाला इलाके में ईडब्लूएस फ्लैटों में शिफ्ट किया जाएगा। उन्हें मूलभूत सुविधाएं, यूएनएचआरसी आईडी और चौबीसों घंटे दिल्ली पुलिस की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। पुरी के इस ट्वीट के बाद बवाल मच गया।
आप सहित कई दलों की आपत्ति
दिल्ली की आम आदमी पार्टी भी केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई। विश्व हिंदू परिषद ने बयान जारी कर इस फैसले पर नाराजगी व्यक्त की। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर कहा, देश में रोहिंग्याओ को लाने वाले और अब बसाने वाली भी भाजपा है। उन्होंने कहा, देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ के भाजपा के एक बहुत बड़े षड्यन्त्र का पर्दाफाश हुआ। भाजपा ने कबूल किया की दिल्ली में हजारों रोहिंग्या को भाजपा ने बसाया। अब उनको पक्के घर और दुकानें देने की तैयारी है। दिल्ली वाले ये कतई नहीं होने देंगे। अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि की भी इसपर प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से आए हिंदुओं को नागरिकता भी नहीं, और हजारों रोहिंग्या मुस्लिम घुसपैठियों को पक्के आवास, दिया जाना देश के लिए खतरनाक,सरकार योजना को वापस लें।
000


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                