—-बिहार में 16 को कोर्ट में करना था सरेंडर, ली शपथ, मचा सियासी घमासान
—भाजपा ने पूछा- सरेंडर करने वाले को राजभवन कैसे पहुंचा दिया?
पटना। बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ नया बवाल मच गया। कोर्ट के वारंटी विधायक नए कानून मंत्री बन गए। बताया जाता है कि राजद विधायक कार्तिकेय सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। उन्हें 16 अगस्त को कोर्ट में सरेंडर करने का वारंट जारी किया गया था, लेकिन सरेंडर की बजाय उन्होंने 16 अगस्त को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
बिहार में नीतीश कुमार की कैबिनेट का विस्तार 16 अगस्त को हुआ, इसमें 31 विधायकों को मंत्रिपद की शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वाले विधायकों में सबसे ज्यादा आरजेडी के 16 विधायक थे, आरजेडी के इन विधायकों में कार्तिकेय सिंह भी शामिल हैं, जो कानून मंत्री बने हैं। राजद विधायक और अब कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह के खिलाफ 16 अगस्त को कोर्ट में सरेंडर करने का वारंट जारी किया गया था। दरअसल कार्तिकेय सिंह के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज है, इसी को लेकर उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने कोर्ट में सरेंडर तो नहीं किया, 16 अगस्त को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ जरूर ली। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कार्तिकेय सिंह को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है। मोदी ने कहा कि जिन कानून मंत्री को कोर्ट में सरेंडर करना था, उन्हें राजभवन कैसे पहुंचा दिया गया. कार्तिकेय सिंह, बाहुबली अनंत सिंह के दाहिने हाथ हैं। सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार को ये सब रोकना चाहिए. कार्तिकेय के खिलाफ जो वारंट है, वह फर्जी कागज नहीं है। नीतीश कुमार लालू यादव की दया पर सीएम बने हैं। ये जो नए मंत्री बने हैं, इनमें कई लोग बाहुबली हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि कुछ दिनों में ये लोग बाहुबली मंत्री और नेताओं को क्लीनचिट दे देंगे। नीतीश कुमार को इन मंत्रियों को बर्खास्त करना चाहिए।
—
कार्तिकेय को जेल भेजने की मांग की
केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने नीतीश कुमार से बिहार के कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह को बर्खास्त कर तुरंत जेल भेजने की मांग की है। आरके सिंह ने कहा कि गैंगस्टर के राइट हैंड कार्तिकेय सिंह को कानून मंत्री बना दिया गया। सत्ता के लिए नीतीश कुमार क्या-क्या करेंगे? आपने संविधान की शपथ ली है और कानून व्यवस्था को ठीक करने की शपथ ली है, तो आप क्रिमिनल को कानून मंत्री कैसे बना सकते हैं। अब नीतीश कुनार का सुशासन से दूर-दूर तक रिश्ता नहीं रह गया है।
—
भाजपा का तंज, कहा-यह नीतीश की लाचारी
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी कार्तिकेय सिंह के मामले में नीतीश कुमार को घेरा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, नीतीश-तेजस्वी सरकार के कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह को 16 अगस्त को कोर्ट में सरेंडर करना था, सरेंडर छोड़िए उन्होंने 16 अगस्त को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। सरकार बनते ही राजद के बाहुबली आनंद मोहन जेल की बजाय घर में मिले। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लाचारी साफ़ दिख रही है।
—
कोर्ट की आदेश कॉपी आई सामने
इस बीच, दानापुर कोर्ट के आदेश की कॉपी सामने आई है, जिसमें मोकामा के थाना प्रभारी को आदेश दिया गया है कि कार्तिकेय सिंह के खिलाफ एक सितंबर तक किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। अदालत का ये आदेश 12 अगस्त का है।
—
नीतीश बोले- मुझे नहीं थी जानकारी
बिहार के नए कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह के बारे में शुरू हुए विवाद पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया आई है। राजद के कोटे से मंत्री बने कार्तिकेय सिंह के बारे में बोलते हुए नीतीश ने कहा कि उनके ऊपर लगे आरोपों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
000

