-भोपाल की घटना, पीसीसी ने किया था आरएसएस प्रमुख को राष्ट्रध्वज भेंट करने का ऐलान
- रोकने पर बिफरे कमलनाथ, किया सवाल- क्या तिरंगा देना गुनाह है?
कांग्रेस का आरोप- संघ के दफ्तर में कभी तिरंगा नहीं फहराया जाता
(फोटो :
भोपाल। भाजपा ने पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया है, वहीं कांग्रेस इस मुद्दे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को घेर रही है। कांग्रेस ने भोपाल में मौजूद संघ प्रमुख मोहन भागवत को तिरंगा भेंट करने का ऐलान किया। इस मुद्दे पर शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश दफ्तर में पुलिस घुस गई। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस बिना सूचना दिए पीसीसी के दफ्तर में घुस आई। यह भी पूछा कि क्या किसी को तिरंगा भेंट करना गुनाह है? हालांकि बाद में पुलिस चली गई। वहीं, दोपहर में पुलिस ने तिरंगा भेंट करने जाते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को व्यापम चौराहे पर रोक लिया। जहां आगे नहीं जाने देने पर कांग्रेस नेताओं ने तिरंगा मोहन भागवत को देने पुलिस को सौंप दिया।
प्रदेश कांग्रेस की मीडिया उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने शनिवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को राष्ट्रध्यज भेंट करने का ऐलान किया था। उनके तिरंगा भेंट करने जाने से पहले ही शर्मा व कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष केके मिश्रा के कमरे में पुलिस पहुंच गई। पीसीसी मुख्यालय के बाहर भी पुलिस के जवान तैनात हो गए। इस पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में तिरंगा भेंट करना क्या गुनाह है? दरअसल, आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर कांग्रेस संघ पर हमलावर हो गई है। उसका आरोप है कि संघ के दफ्तर में कभी तिरंगा नहीं फहराया जाता। इस वजह से संघ प्रमुख को तिरंगा भेंट करना बेहद जरूरी है।
कांग्रेस ने शिवराज पर बोला हमला
कांग्रेस ने पुलिस के दफ्तर में घुस आने पर शिवराज की तुलना अंग्रेजों और जनरल डायर से की है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने लिखा, तिरंगे से आरएसएस की नफ़रत सामने आई, — कांग्रेस नेता संगीता शर्मा के आरएसएस प्रमुख को तिरंगा भेंट करने के कार्यक्रम को पीसीसी कार्यालय में पुलिस भेजकर कुचलने की कोशिश। शिवराज जी, अंग्रेजों के रास्ते चल रहे हो, याद रखना अंजाम भी अंग्रेजों जैसा ही होगा। “कायर शिवराज, डायर शिवराज”।
कमलनाथ सवाल- तिरंगा भेंट करना अपराध हैं
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा जब पूरा देश आजादी की हीरक जयंती मना रहा है, तब मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को तिरंगा भेंट करने से रोक रही है। मैं मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि आजाद भारत में क्या भाजपा की सरकार में राष्ट्रध्वज भेंट करना अपराध है?
0000

