मोदी सरकार को बताया छद्म राष्ट्रवादी
–
नई दिल्ली। मोदी सरकार को छद्म राष्ट्रवादी करार देते हुए कांग्रेस ने शुक्रवार को तिरंगा के आयात को लेकर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। पार्टी ने कहा, मोदी सरकार इस साल हर घर तिरंगा अभियान मनाएगी वह भी चीन से तिरंगा खरीदकर। वास्तव में यह अभियान ‘हर घर चीन का बना हुआ तिरंगा’ अभियान बनेगा। कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन से बड़े पैमाने पर भारतीय झंडे आयात करने का द्वार खोल दिया है वो भी ऐस वक्त पर जब चीनी सैनिकों ने लद्दाख में 1,000 वर्ग किलोमीटर के ताजा क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। राष्ट्रीय ध्वज संहिता में संशोधन को वापस लिया जाना चाहिए।
मोदी का खादी प्रेम दिखावा
कुमार ने कहा कि मोदी खुद को भारत के खादी उद्योग के संरक्षक के रूप में पेश करते हैं और उन्होंने पिछले साल अपने ‘मन की बात’ संबोधन में भारतीयों से खादी उत्पाद खरीदने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री भारतीयों को स्थानीय के लिए मुखर होने का ज्ञान देते हैं, लेकिन उनके निर्णय ‘शंघाई की महंगाई’ की भावना से ओतप्रोत होते हैं। चाहे वह स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के कांस्य का आयात हो या चीन से आयात में 45 प्रतिशत यानी 2021-22 में 94 बिलियन अमेरिकी डॉलर की रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो।
भारतीय श्रमिक खोएंगे नौकरी
कुमार ने कहा, मशीन से बने और आयातित पॉलिएस्टर झंडे के आयात की अनुमति देकर पीएम मोदी ने खादी के सार और महात्मा गांधी की विरासत पर हमला किया है। यह सुनिश्चित करते हुए कि हजारों श्रमिक अपनी नौकरी भी खोएंगे, उन्होंने खादी का मजाक भी बनाया है।
यह है अभियान
सरकार का अभियान केंद्र सरकार इस साल भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरु करेगा। अभियान के तहत संस्कृति मंत्रालय 11-17 अगस्त 2022 तक सभी नागरिकों स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
–

