कैबिनेट विस्तार पर बन रही सहमति
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कैबिनेट में कुल 45 मंत्री होने की संभावना है, जिनमें से अधिकांश सहयोगी भाजपा के होंगे। सूत्रों का कहना है कि नए मंत्रिमंडल में भाजपा के 25 और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 13 मंत्री शामिल होंगे। वहीं, निर्दलीय विधायकों को भी मंत्री बनाने की संभावना है। शिंदे की इस नई सरकार में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अलावा अधिकांश नए मंत्री शामिल होंगे। सूत्रों का कहना है कि शिंदे सेना और भाजपा के बीच फार्मूले को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सूत्र के मुताबिक शिवसेना को हर तीन विधायकों के लिए एक मंत्रालय मिलेगा और बीजेपी को हर चार विधायकों के लिए एक पद मिलेगा। शिंदे सहित 16 विधायकों की संभावित अयोग्यता पर 11 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
ठाणे नगर निगम के 67 में 66 पार्षद शिंदे गुट में शामिल
महाराष्ट्र में सियासी संग्राम के बाद अब शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को झटके पर झटका लग रहा है। दरअसल ठाणे नगर निगम के 67 में से 66 पार्षद शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं। अब ठाणे नगर निगम में शिवसेना का एक ही पार्षद बचा है। यह पार्षद कोई और नहीं बल्कि उद्धव ठाकरे के करीबी नेता राजन विचारे की पत्नी नंदिनी विचारे हैं। आपको याद ही होगा, बुधवार को ही शिवसेना ने भावना गवली को लोकसभा में अपने चीफ व्हिप के पद से हटाकर राजन को यह पद दिया था।
-पूर्व सांसद भी शिंदे खेमे में
पूर्व सांसद आनंद राव अडसुल के एकनाथ शिंदे के खेमे में शामिल होने को लेकर संजय राउत ने कहा कि आनंद राव ने इस्तीफा दिया है। मुझे पता चला है कि उनके खिलाफ ईडी कार्रवाई चल रही थी। उनके आवास पर भी छापेमारी हुई थी। दबाव के चलते उन्होंने ऐसा किया। इस तरह का दबाव कई नेताओं पर है।


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                