हिंसक हुआ सत्ता का संग्राम… अहमदनगर में शिंदे की तस्वीर पर कालिख पोती

ठाकरे सरकार पर संकट

हजारों शिवसैनिकों के सड़क पर उतरने की जानकारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस अलर्ट

मुंबई। महाराष्ट्र में सत्ता का संग्राम अब हिंसक रूप लेने लगा है। शुक्रवार को कुर्ला इलाके में शिवसेना विधायक मंगेश कुंडालकर के दफ्तर पर कुछ लोगों ने हमला किया है। उन्होंने मेन गेट पर तोड़फोड़ की है। इधर, अहमदनगर में भी बागी विधायकों के नेता एकनाथ शिंदे की तस्वीर पर कालिख पोती गई है। बागी विधायकों के समर्थकों का आरोप है कि तोड़फोड़ करने वाले ये लोग शिवसेना के हैं। वहीं महाराष्ट्र पुलिस को इनपुट मिला है कि राजनीतिक संग्राम के बीच शिवसेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरने को तैयार हैं। महाराष्ट्र पुलिस ने इस संबंध में सभी पुलिस स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है।

बागी विधायकों को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

महाराष्ट्र में मचे सियासी बवाल के बीच अब शिवसेना चीफ और सीएम उद्धव ठाकरे ने बागी विधायकों को अल्टीमेटम दे दिया है। ठाकरे की तरफ से बागी विधायकों को 24 घंटे का वक्त दिया गया है। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि उद्धव ठाकरे ने अपने करीबी वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत में साफ तौर पर कहा था कि बागी विधायकों के पास 24 घंटे का वक्त है अगर वह वापस आते हैं तो ठीक वरना उनसे किसी तरह की कोई बात नहीं होगी।

बागी विधायकों के घर-ऑफिस को निशाना बना सकते हैं कार्यकर्ता

अब खबर है कि शिवसेना के कार्यकर्ता बागी विधायकों के खिलाफ सड़कों पर उतरने वाले हैं। कुछ जगहों पर शिवसैनिकों ने बागी विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन करना भी शुरू कर दिया है। शिवसेना के 37 और 10 निर्दलीय विधायकों के साथ गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

भाजपा ने लिखा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को लेटर

भाजपा ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पत्र लिखा है। पत्र में सियासी हलचल पर राज्यपाल से हस्तक्षेप और सरकार की ओर से लगातार लिए जा रहे फैसले पर हस्तक्षेप करने की मांग की गई है। पत्र में आगे कहा गया है- 160 से अधिक के सरकारी आदेश 48 घंटे के भीतर जारी किए गए हैं। विकास परियोजनाओं की आड़ में हो रही इस तरह की घटना संदेह पैदा कर रही है।

शिंदे को अब तक 14 निर्दलीय विधायकों का समर्थन

शिंदे कैंप को अब तक 14 निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिल चुका है। 5 निर्दलीय विधायक गुरुवार देर रात मुंबई से सूरत पहुंचे और गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, 9 निर्दलीय विधायक राजकुमार पटेल, चंद्रकांत पाटिल, नरेंद्र भोंडेकर, किशोर जोर्गेवार, मंजुला गावित, विनोद अग्रवाल, गीता जैन, बच्चू कडू और राजेंद्र यडरावकर पहले से ही गुवाहाटी में मौजूद हैं।

क्या बोले शिवसेना के सिपहसालार

इस घटनाक्रम के बीच संजय राउत बोले- बातचीत का वक्त खत्म हो गया है। अब हम बागियों को बताएंगे कि शिवसेना क्या है? अब हम हार नहीं मानेंगे। फ्लोर टेस्ट होने के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। मुंबई आकर लड़ाई करें, फिर परिणाम दिखेगा। आदित्य ठाकरे बोले- कांग्रेस धोखा देती तो इतना बुरा नहीं लगता; हमारे ही लोगों ने साथ छोड़ दिया है। उद्धव जी ने कहा जो जा रहा है, जाने दो।

सबसे बुरे दौर में गुजर रही एमवीए सरकार

महाराष्ट्र की एमवीए सरकार 2019 में सत्ता में आने के बाद से, अभी तक के सबसे खराब दौर से गुजर रही है। शिवसेना के वरिष्ठ मंत्री एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के कुछ बागी विधायकों के साथ भाजपा शासित असम में डेरा डाले हैं। यह संकट 20 जून को विधान परिषद के चुनावों के कुछ घंटों बाद छाया। फिलहाल वह गुवाहाटी के एक होटल में शिवसेना के 37 बागी विधायकों और नौ निर्दलीय विधायकों के साथ डेरा डाले हुए हैं।

00000

प्रातिक्रिया दे