- रिजर्व बैंक ने राज्यों की वित्तीय सेहत का किया आकलन
नई दिल्ली। रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एक हालिया आर्टिकल में देश के पांच सबसे बीमारू राज्यों के नाम का खुलासा किया है। इसमें बिहार का नाम तो शामिल है ही, पंजाब और केरल के नाम सबसे ज्यादा हैरान करने वाले हैं। अन्य बीमारू राज्यों में राजस्थान और पश्चिम बंगाल का नाम भी शामिल है। रिजर्व बैंक ने श्रीलंका के मौजूदा संकट के बाद सभी राज्यों की वित्तीय सेहत का विस्तार से आकलन किया। रिजर्व बैंक ने पाया कि कोविड-19 महामारी के चलते राज्यों की वित्तीय स्थिति तेजी से बिगड़ी है। इसके अलावा नकद सब्सिडी देने, फ्री में बिजली-पानी जैसी सुविधाएं देने, पुरानी पेंशन योजना को लागू करने जैसे कदमों ने भी राज्यों की सेहत खराब की है।
कर्ज के मामले में आगे हैं ये राज्य
रिजर्व बैंक ने आर्टिकल में बताया कि साल 2026-27 में कर्ज और जीएसडीपी के अनुपात के मामले में पंजाब सबसे बुरी स्थिति में रह सकता है। आर्टिकल के अनुसार, कर्ज के सबसे ज्यादा बोझ वाले राज्यों में पंजाब, राजस्थान, केरल, पश्चिम बंगाल, बिहार, आंध्र प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के नाम शामिल हैं। रिजर्व बैंक ने बताया कि ये 10 राज्य देश के सभी राज्यों के कुल खर्च में करीब आधी हिस्सेदारी रखते हैं।
ये राज्य देते हैं ज्यादा सब्सिडी
आर्टिकल के अनुसार, राजस्थान , पश्चिम बंगाल, पंजाब और केरल जैसे राज्य करीब 90 फीसदी खर्च रेवेन्यू अकाउंट पर करते हैं। गुजरात, पंजाब और छत्तीसगढ़ जैसे राज्य रेवेन्यू के कुल खर्च का 10 फीसदी हिस्सा सब्सिडी पर खर्च करते हैं।
—
000

