—यूपी के प्रयागराज में पथराव से एडीजी, आईजी, डीएम घायल
—सहारनपुर और हाथरस में कई प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
—महाराष्ट्र के सोलापुर, औरंगाबाद भारी बवाल देखने को मिला
—तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भी विरोध प्रदर्शन
—
नई दिल्ली। पैगंबर साहब पर नूपुर शर्मा के विवादित बयान पर शुक्रवार को देश के कई शहरों में प्रदर्शन हुआ। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, बंगाल और गुजरात के कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। यूपी के प्रयागराज, लखनऊ, सहारनपुर में पथराव के बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। रांची में एक मंदिर पर पथराव के बाद गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हाे गई, वहीं सात अन्य को गोली लगी है। बिहार के मंत्री पर भी हमले की खबर है।
पैगंबर साहब के खिलाफ कथित तौर पर विवादास्पद टिप्पणी करने को लेकर दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर एवं कुछ राज्यों में भी शुक्रवार को प्रदर्शन हुए। झारखंड में प्रदर्शनकारियों ने कुछ पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया, जबकि जम्मू में अधिकारियों ने कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया और कश्मीर में बंद जैसी स्थिति रही। उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पैगंबर के बारे में विवादित बयान देने वाले अपने दोनों नेताओं को निलंबित कर चुकी है। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने निलंबित भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जुमे की नमाज के बाद यहां ऐतिहासिक जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन किया। जामा मस्जिद परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए, जिनमें से कुछ ने तख्तियां ले रखी थीं। प्रदर्शन करने वालों ने नुपुर शर्मा और भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व मीडिया प्रमुख नवीन जिंदल के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए। राज्य के सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर और लखनऊ में नारेबाजी की गई। प्रयागराज के अताला इलाके में लोगों ने शुक्रवार की नमाज के बाद नारेबाजी की और पथराव किए। महाराष्ट्र के भी कई शहरों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किए, हालांकि कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। नवी मुंबई के पनवेल शहर में 1,000 महिलाओं सहित करीब 3,000 प्रदर्शनकारियों ने शर्मा और जिंदल की गिरफ्तारी के लिए विरोध मार्च निकाला। ठाणे, औरंगाबाद, सोलापुर, नंदुरबार, परभणी, बीड, लातूर, भंडारा, चंद्रपुर और पुणे जिलों में भी इसी तरह के प्रदर्शन या मार्च आयोजित किए गए। इस बीच, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की एक अदालत में शर्मा और जिंदल तथा स्वामी यति नरसिंहानंद के खिलाफ शुक्रवार को एक शिकायत दायर की गई।
—
मंदिर पर पथराव, पुलिस फायरिंग में 1 की मौत
रांची में शुक्रवार को नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन हुआ। आगजनी और पथराव के चलते पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। इस फायरिंग में 35 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। 7 अन्य लोगों को गोली लगी है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी पथराव किया। एसएसपी समेत कई पुलिस अफसरों को चोटें आई हैं। रांची में मौजूद बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन की गाड़ी पर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया। वे भाजपा कोटे से नीतीश सरकार में मंत्री हैं। पत्थरबाजी के दौरान कुछ लोगों ने महावीर मंदिर में छिपने की कोशिश की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मंदिर पर भी पथराव कर दिया। इस घटना से हिंदू संगठनों का गुस्सा भी भड़क गया और वे सड़कों पर उतर आए। रांची में ऐहतियातन धारा 144 लागू कर दी गई है। हालांकि, पहले कहा जा रहा था कि प्रशासन ने कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।
—
यूपी पीएसी का ट्रक फूंक
यूपी के प्रयागराज, सहारनपुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, उन्नाव, देवबंद समेत कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन हुए। सहारनपुर में तोड़फोड़ और प्रयागराज में पत्थरबाजी हुई। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने पीएसी का ट्रक फूंक डाला। यहां एडीजी, आईजी, डीएम और एएसपी के घायल होने की खबर है। यहां भीम आर्मी चीफ सतपाल तंवर ने नूपुर शर्मा की जुबान काटकर लाने वाले को एक करोड़ का इनाम देने का ऐलान किया
—
हावड़ा में दक्षिण पूर्व रेलवे की सेवा बंद
कोलकाता में भारी प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारी सड़क मार्ग के साथ ही साथ रेल मार्ग को भी बंद कर दिए। दक्षिण पूर्व रेलवे की हावड़ा खड़गपुर मार्ग पर चेंगइल स्टेशन पर प्रदर्शन करना शुरू किया है, जिसके कारण पूरी तरह से दक्षिण पूर्व रेलवे की सेवा बंद हो गई।
–
बांग्लादेश तक बवाल, ढाका में प्रदर्शन
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया गया है। शुक्रवार की नमाज के बाद हजारों की संख्या में लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया, नूपुर के खिलाफ नारेबाजी की और भारत सरकार को भी घेरा। 16 जून को भारतीय दूतावास को घेरने की बात भी कही गई।
–
इधर, डोडा-किश्तवाड़ में कर्फ्यू, कश्मीर के कुछ हिस्सों में इंटरनेट बंद
भद्रवाह/श्रीनगर। पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भाजपा नेताओं की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उत्पन्न तनाव के मद्देनजर जम्मू के भद्रवाह और किश्तवाड़ के कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया, जबकि कश्मीर के कुछ हिस्सों में बंद जैसी स्थिति रही। कश्मीर के भद्रवाह, किश्तवाड़ और श्रीनगर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। कश्मीर के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवा भी रोक दी गई है। भद्रवाह में पथराव की छिटपुट घटनाएं हुई हैं। प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए कुछ लोग सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी के बीच सुरक्षा बलों पर पथराव किया। भद्रवाह में पथराव की मामूली घटना हुई थी लेकिन इस पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। टिप्पणी के विरोध में बृहस्पतिवार को डोडा के भद्रवाह में सैकड़ों लोगों ने धरना दिया। नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, उम्मीद करता हूं कि लोग संयम से काम लेंगे। जम्मू-कश्मीर में भद्रवाह और उसके आसपास फैले सांप्रदायिक तनाव के अलावा पहले से ही कई समस्याएं हैं। मैं सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। मैं अपने पार्टी सहयोगियों से स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य बनाने में मदद देने का आग्रह करता हूं।

