-मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश के आसार
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में गर्मी से बुरा हाल है ऊपर से गर्म हवा लोगों को काफी परेशान कर रही है। लेकिन अब इस झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने एलान किया है कि मानसून सामान्य ढंग से आगे बढ़ रहा है। यह अगले दो दिनों में महाराष्ट्र में छा जाएगा। 15 जून से मध्य और उत्तर भारत में बारिश शुरू होते ही गर्मी से राहत मिलेगी। इसके साथ ही 10 और 11 जून को अरुणाचल प्रदेश में और अगले पांच दिनों तक असम व मेघालय में मूसलाधार बारिश (204.4 मिलीमीटर से अधिक) की चेतावनी भी दी गई है। इधर, दिल्ली एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में पारा 45 डिग्री पार कर रहा है, इसलिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
यहां हो सकती है झमाझम वर्षा
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने गुरुवार को कहा कि मानसून ने 31 मई से 7 जून के बीच दक्षिण और मध्य अरब सागर, पूरे केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों को कवर किया है। यह पूरे पूर्वोत्तर को तर कर चुका है। अगले दो दिनों में तेज हवाएं चलेंगी और बादल बनने लगेंगे।
असम में भारी वर्षा
असम व मेघालय में भारी वर्षा से तबाही की खबर है। असम के गुवाहाटी शहर के काहिलीपाड़ा, जटिया और हटिगांव समेत विभिन्न हिस्सों में जलजमाव हो गया है। मेघालय में भू स्खलन से एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु हो गई। भू स्खलन की घटना वेस्ट गारो हिल्स जिले के गाम्बेग्रे इलाके में हुई। वेस्ट गारो हिल्स जिला पुलिस के अनुसार बचाव व राहत कार्य जारी है।

