8 राज्यों से 16 उम्मीदवार घोषित—
हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को राज्यसभा के 16 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को कर्नाटक से और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को महाराष्ट्र से अपना उम्मीदवार बनाया है। कृष्णलाल पंवार हरियाणा से उम्मीदवार बनाये गए हैं। पार्टी ने रविवार को 8 राज्यों कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार एवं हरियाणा से अपने 16 उम्मीदवारों की घोषणा की है, इनमें 5 महिला हैं। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी मिलने के बाद राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 2022 के लिए पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। मध्यप्रदेश से कविता पाटीदार को उम्मीदवार बनाया गया है। कर्नाटक से निर्मला सीतारमण और जग्गेश को भाजपा ने उतारा है। महाराष्ट्र से पीयूष गोयल और डॉ अनिल सुखदेवराव बोंडे भाजपा के उम्मीदवार होंगे, जबकि राजस्थान से घनश्याम तिवारी को पार्टी ने टिकट दिया है।
यूपी में सबसे ज्यादा उम्मीदवार
उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 6 उम्मीदवारों की भाजपा ने घोषणा की है। जिन लोगों को राज्यसभा का टिकट मिला है, उनके नाम डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ राधामोहन अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह, संगीता यादव हैं। उत्तराखंड से डॉ कल्पना सैनी को टिकट दिया गया है। बिहार में भाजपा ने दो उम्मीदवार दिये हैं। इनके नाम सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल हैं। हरियाणा से कृष्ण लाल पंवार को टिकट दिया गया है।

