चंडीगढ़।
पंजाब के मनसा जिले में रविवार को मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गायक को मुहैया कराई गई सुरक्षा पंजाब सरकार द्वारा वापस लेने के एक दिन बाद यह घटना घटी। इधर, गायक की हत्या के बाद सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने केजरीवाल और भगवंत मान पर केस दर्ज करने की मांग की है।
—
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला साथियों के साथ गाड़ी से जा रहे थे। उसी दौरान काले रंग की गाड़ी में सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग की। घर से करीब 5 किमी दूर ही मूसेवाला को गोलियां मार दी गई। मूसेवाला खुद थार जीप चला रहे थे। उन पर करीब 30 से 40 फायर किए गए। फायरिंग इतनी ताबड़तोड़ हुई कि मूसेवाला अपनी सीट से हिल तक नहीं सके। घटना के बाद मूसेवाला को गंभीर अवस्था में मनसा के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मूसेवाला के साथ दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जबकि एक दिन पहले ही पंजाब पुलिस ने मूसेवाला सहित 424 लोगों की सुरक्षा वापस ले ली थी। बताया जा रहा है कि मूसेवाला को पिछले कई दिनों से गैंगस्टरों से धमकियां मिल रही थीं, इसके बावजूद उनकी सुरक्षा को हटा लिया गया था।
इधर, मूसेवाला की हत्या पर कांग्रेस पार्टी की ओर से भी बयान आया है। पार्टी के ट्विटर हैंडल से लिखा गया है, पंजाब से कांग्रेस प्रत्याशी और प्रतिभाशाली गायक श्री सिद्धू मूसेवाला की हत्या से कांग्रेस पार्टी और पूरे देश को गहरा सदमा पहुंचा है। उनके परिवार, प्रशंसकों और दोस्तों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। इस दुख की घड़ी में हम एकजुट और अविचल खड़े हैं।
—
कांग्रेस के टिकट से लड़ा था चुनाव
शुभदीप सिंह सिद्धू अपने मंचीय नाम सिद्धू मूसेवाला से लोकप्रिय थे। यह हमला उस समय हुआ, जब मूसेवाला और उनके दो दोस्त पंजाब में अपने गांव मनसा जा रहे थे। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में सिद्धू मूसेवाला ने कांग्रेस के टिकट पर मनसा से चुनाव लड़ा था। उन्हें आम आदमी पार्टी के डॉक्टर विजय सिंगला ने हराया था।
–
केजरीवाल-मान पर भड़के सिरसा
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब की आप सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था कंट्रोल से बाहर हो चुकी है। सिद्धू मूसेवाला दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान की घटिया की राजनीति के वो शिकार हो गए। सिरसा ने कहा कि लोगों को पता था सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा हटा दी गई है। उसके ऊपर हमला हुआ उसकी जान चली गई। भगवंत मान और केजरीवाल पर केस दर्ज होना चाहिए।
–
कांग्रेस बोली-बर्खास्त हो मान सरकार
पंजाबी गायक की हत्या पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने भगवंत सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, मैं विश्वास और अभिव्यक्ति से परे हैरान हूं। हमने सिद्धू मूसे वाला के रूप में एक होनहार सितारा खो दिया है। भगवंत सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ली और उसके 2 दिन बाद ही मानसा में उन पर गोलियों की बौछार कर दी गई। भगवंत सरकार ने नैतिक अधिकार खो दिया है। इसे बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।
—
पंजाब सरकार ने 424 की घटाई थी सुरक्षा
बता दें कि शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने मूसेवाला समेत कुल 424 वीआईपी लोगों की सुरक्षा पर कैची चलाई थी। इस लिस्ट में डेरामुखी सहित कई सेवानिवृत्त अधिकारी भी शामिल हैं। वर्तमान और पूर्व विधायकों की सुरक्षा भी वापस ली गई है। इनमें शिअद के वरिष्ठ नेता चरण जीत सिंह ढिल्लों, बाबा लाखा सिंह, सतगुरु उधय सिंह, संत तरमिंदर सिंह भी शामिल हैं। इसके अलावा विधायकों में अकाली नेता गनीव कौर मजीठिया, कांग्रेस नेता परगत सिंह, आप विधायक मदन लाल बग्गा का सुरक्षा कवर भी वापस ले लिया गया है।
000

