राज्यपाल की जगह मुख्यमंत्री होंगे अब पश्चिम बंगाल में विश्वविद्यालयों के चांसलर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में जल्द ही विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति राज्यपाल की जगह मुख्यमंत्री होंगे। राज्यपाल के स्थान पर मुख्यमंत्री को राज्य सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों का कुलाधिपति बनाने के लिए जल्द ही पश्चिम बंगाल विधानसभा में एक विधेयक पेश किया जाएगा। पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार के तहत 36 विश्वविद्यालय संचालित हैं। 12 निजी विश्वविद्यालय हैं। राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने दिन में प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है। बसु ने कहा, राज्य मंत्रिमंडल ने राज्यपाल के स्थान पर मुख्यमंत्री को सभी राज्य संचालित विश्वविद्यालयों का कुलाधिपति बनाने के प्रस्ताव को आज अपनी मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव को जल्द ही विधानसभा में एक विधेयक के रूप में पेश किया जाएगा। राज्यपाल वर्तमान में राज्य द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति हैं।

तमिलनाडु में भी हुआ था यही बदलाव

पिछले महीने तमिलनाडु ने एक विधेयक पारित किया गया था जिसमें राज्य सरकार को यूनिर्वसिटीज में कुलपति नियुक्त करने की शक्ति दे दी गई थी। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की सरकार ने कहा था कि कुलपतियों की नियुक्ति में राज्यपाल की अक्षमता ने उच्च शिक्षा को प्रभावित किया है।

काफी दिनों से चल रहा विवाद

पश्चिम बंगाल में सरकार बनाम राज्यपाल का विवाद काफी दिनों से चल रहा है। राज्य सरकार राज्यपाल के हाथ से शक्तियां लेकर सीएम को देने की तैयारी काफी पहले से कर रही है। दिसंबर 2021 में शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने एक बयान देते हुए कहा था कि राज्य की सभी यूनिवर्सिटी के कुलपति के रूप में सीएम बनर्जी को नामित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि इसके लिए कानूनी राय ली जा रही है, जिसके बाद राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने सभी प्राइवेट यूनिवर्सिटी के कुलपतियों की बैठक भी बुलाई थी।

प्रातिक्रिया दे