कमीशन खाने पर मान ने किया अपने ही स्वास्थ्यमंत्री को बर्खास्त, एफआईआर भी दर्ज

—-सीएम मान ने की कार्रवाई, तीन दिन रिमांड पर भेजे गए पूर्व मंत्री

चंडीगढ़। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को मंगलवार को भ्रष्टाचार के आरोप में पद से बर्खास्त कर दिया गया। कुछ देर बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार का रुख भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने का है। मुख्यमंत्री ने खुद सिंगला को मंत्रिमंडल से हटाए जाने की घोषणा की। आम आदमी पार्टी (आप) भ्रष्टाचार मुक्त शासन के एजेंडे के साथ करीब दो महीने पहले ही प्रचंड बहुत से सत्ता में आई है। मान ने कहा कि उन्होंने यह फैसला, सिंगला द्वारा अपने विभाग की निविदाओं और खरीद में कथित रूप से एक प्रतिशत कमीशन की मांग किए जाने की जानकारी मिलने के बाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस को उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। सूत्रों ने बताया कि इसके कुछ देर बाद ही पंजाब पुलिस ने 52 वर्षीय सिंगला को गिरफ्तार कर लिया। सिंगला मानसा विधानसभा सीट से विधायक हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मान को 10 दिन पहले एक अधिकारी के जरिए सिंगला के कथित गलत कामों के बारे में पता चला था। मुख्यमंत्री ने अधिकारी को आश्वस्त किया था कि वह उनके साथ हैं तथा उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है। अधिकारी की मदद से एक अभियान चलाया गया जिसके बाद यह सामने आया कि सिंगला और उनके सहयोगी ‘एक फीसदी कमीशन’ मांग रहे हैं। समझा जाता है कि इस संबंध में एक ऑडियो रिकॉर्ड भी है। मान ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश में कहा, मेरे संज्ञान में एक मामला लाया गया था जिसमें मेरी सरकार का एक मंत्री अपने विभाग की प्रत्येक निविदा या खरीद में एक प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा था। मैंने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है। इसे सिर्फ मैं ही जानता था। न मीडिया को पता था न विपक्ष को। उन्होंने कहा, मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं और उन्हें मंत्रिमंडल से हटा रहा हूं। मैं पुलिस को उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश भी दे रहा हूं। मुख्यमंत्री ने कहा, उस मंत्री का नाम विजय सिंगला है। वह स्वास्थ्य मंत्री थे। मान ने कहा कि सिंगला ने अपने कथित गलत कामों को स्वीकार भी कर लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सरकार का रुख भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने का है। मान ने रेखांकित किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 2015 में तत्कालीन खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री को बर्खास्त किया था और मामले को सीबीआई को सौंप दिया था।

डॉक्टर से बने मंत्री

एक आम डॉक्टर से मंत्री पद पर पहुंचे डॉ. विजय सिंगला ने अपनी बीडीएस की शिक्षा राजिंदरा मेडिकल कॉलेज पटियाला से पूरी की। उनके पिता केशोराम सिंगला गांव भुपाल कलां में एक छोटी सी किराने की दुकान चलाते थे, जो बाद में मानसा आकर रहने लगे। पंजाब विधानसभा चुनाव में सिंगला ने मूसेवाला को मानसा से 63,323 वोटों से हराया था। सिंगला को 1,00,023 वोट मिले थे। वहीं सिंगला की बर्खास्तगी पर आम आदमी पार्टी में उन्हें पार्टी से भी निकालने की मांग तेज हो गई है।

एसीबी ने किया गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निरोधक शाखा बठिंडा ने विजय सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। विजय सिंगला को मोहाली फेस 8 के थाने में लाया गया है। थाने में पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

केजरीवाल बोले- मान पर गर्व

दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के कन्वीनर अरविंद केजरीवाल ने विजय सिंगला की बर्खास्तगी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझे भगंवत मान पर गर्व है। उनकी कार्रवाई से मेरी आंखों में आंसू आ गए। पूरा देश आज आम आदमी पार्टी पर गर्व महसूस कर रहा है।

प्रातिक्रिया दे