कोटा। राजस्थान के कोटा के सरकारी अस्पताल में हद दर्जे की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां के एमबीएस में महिला मरीज की आंख चूहा ने कुतर दिया है। जानकारी के अनुसार जीबीएस सिंड्रोम से पीडि़त रूपमती (30) एमबीएस अस्पताल में करीब 45 दिन से भर्ती है। महिला के पति देवेंद्र सिंह ने बताया लकवे का अटैक आने पर उसने पत्नी को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। वो न्यूरो आईसीयू में भर्ती है। गर्दन नहीं हिला सकती है। महिला करीब 42 दिन से वेंटिलेटर पर थी और दो दिन पहले ही उसे यहां शिफ्ट किया गया है। रात में इसके चेहरे पर कपड़ा लगा हुआ था। जब ये रोने लगी तो कपड़ा हटाकर देखा. तब खून नजर आया। रात को पता नहीं किसने काटा, आंख पर खून ही खून हो गया। तुरंत स्टाफ व डॉक्टर को बताया। उन्होंने ने कीड़ा काटने की बात बताई। आंख पर घाव था, पलक के दो टुकड़े हो गए। जानकारी होने पर अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डॉक्टर की टीम मौके पर पहुंची और महिला की ड्रेसिंग की। रात को ट्रीटमेंट कर दिया था। सुबह फिर से डॉक्टर आए उन्होंने चेक किया, ड्रेसिंग की। डॉक्टरों का कहना है कि चूहे द्वारा काटा गया है।
अस्पताल ने दिखाई असंवेदनशीलता
अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर समीर टंडन का कहना है कि हर महीने अस्पताल में पेस्टिसाइड कंट्रोल करवाते हैं। अभी भी चल रहा है। इस घटना की पूरी जांच करवाएंगे. पेस्ट कंट्रोल के बाद भी यह घटना हुई है, इसमें जिम्मेदारी हमारी है, स्टाफ की है। स्ट्रोक यूनिट में चूहा कहां से आया। इस बारे में इंचार्ज व ड्यूटी पर मौजूद कार्मिक से बात कर जांच करवाएंगे। वैसे भी जहां खाना पीने की चीजें होती हैं। चूहे आ जाते हैं। पेशेंट के अटेंडर भी अपने साथ खाने पीने का सामान रखते हैं। अस्पताल में चूहे तो हैं।

