केजरीवाल पर टिप्पणी, भाजपा नेता बग्गा गिरफ्तार…दिन भर चला हाई वोल्टेज ड्रामा, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली… तीन राज्यों के बीच चली जोर-आजमाइश

नई दिल्ली-चंडीगढ़। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भाजपा की दिल्ली ईकाई के प्रवक्ता तेजिंदर सिंह बग्गा को दिल्ली पुलिस ने कुरुक्षेत्र जाकर अपनी कस्टडी में जैसे ही लिया वैसे ही हरियाणा, दिल्ली और पंजाब पुलिस के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। पंजाब पुलिस कानूनी प्रक्रिया की बात कहती रही, लेकिन बग्गा को पंजाब नहीं ले जा पाई। उसे बीच में ही दिल्ली पुलिस के कहने पर हरियाणा पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। अब दिल्ली पुलिस उसे कुरुक्षेत्र से कस्टडी में लेने के बाद दिल्ली वापस ले आई है। इधर दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बग्गा की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारी दी।

बता दें कि पंजाब पुलिस ने भड़काऊ बयान देने, शत्रुता को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में बग्गा के खिलाफ पिछले महीने मामला दर्ज किया था। पंजाब पुलिस ने बताया कि एक अप्रैल को दर्ज की गई प्राथमिकी के मुताबिक, 30 मार्च को बग्गा ने दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया था और कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

केजरीवाल के खिलाफ की थी टिप्पणी

बता दें कि बग्गा सोशल मीडिया पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ काफी मुखर रहे हैं। बग्गा ने कुछ समय पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को लेकर केजरीवाल के खिलाफ ट्वीट कर उनकी आलोचना की थी, जिसके बाद से वह आम आदमी पार्टी (आप) के निशाने पर आ गए थे।

पुलिस के काफिले को कुरुक्षेत्र में रोका गया

बताया गया कि बग्गा को दिल्ली से मोहाली ले जा रहे पंजाब पुलिस के वाहनों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रोक दिया गया। पंजाब पुलिस की टीम को रोके जाने के सवाल पर हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ऐसी जानकारी मिली है कि बग्गा को उनके आवास से जबरन उठाया गया। हमें इन चीजों को सत्यापित और इसकी पुन: जांच करनी होगी। मौके पर हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बग्गा की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं के पीपली थाने पहुंचने की भी खबरें हैं।

दिल्ली में पंजाब पुलिस के खिलाफ 2 केस दर्ज

दिल्ली पुलिस ने तजिंदर बग्गा मामले में पंजाब पुलिस पर 2 केस दर्ज किए हैं। पंजाब पुलिस के वकील आरके राठौर ने बताया कि पहला केस किडनैपिंग का दर्ज किया गया है। दूसरा केस बग्गा के पिता के बयान पर मारपीट का दर्ज किया गया है। पंजाब पुलिस के डीएसपी समेत 4 कर्मचारियों को दिल्ली पुलिस ने डिटेन किया गया है।

बग्गा सच्चा सरदार, डरेगा नहीं : कपिल

बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि बग्गा एक सच्चा सरदार है। उसे इस तरह की हरकतों से न डराया जा सकता है और न ही कमजोर किया जा सकता है। मिश्रा ने कहा कि पंजाब पुलिस का इस्तेमाल केजरीवाल की पर्सनल नाराजगी और खुन्नस निपटाने के लिए किया जा रहा है। यह पंजाब और पंजाब के जनादेश का अपमान है।

बग्गा के अपहरण का मामला दर्ज

बग्गा की गिरफ्तारी पर भाजपा और आप के नेताओं में चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच दिल्ली पुलिस ने बग्गा के पिता की शिकायत के आधार पर जनकपुरी थाने में उनके (बग्गा के) अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। बग्गा के पिता ने शिकायत की कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कुछ लोग उनके घर आए और उनके बेटे को ले गए।

पांच नोटिस के बाद किया गिरफ्तार

इधर पंजाब पुलिस ने दावा किया कि पांच नोटिस भेजे जाने के बावजूद बग्गा (36) जांच में शामिल नहीं हुए थे, जिसके बाद उन्हे कानून की उचित प्रक्रिया के बाद सुबह उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा था कि बग्गा को पंजाब ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें एक अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने दायर की पुलिस के खिलाफ याचिका

पंजाब पुलिस ने हरियाणा पुलिस पर बग्गा को रास्ते में रोके जाने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में एक याचिका भी दाखिल की है। याचिका में हरियाणा पुलिस पर पंजाब पुलिस को रोके जाने का आरोप है। हालांकि हरियाणा पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की गयी।

आप विधायक ने कहा- भाजपा गुंडों की पार्टी

आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने एक ट्वीट में लिखा कि बग्गा की गिरफ्तारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित धमकी देने के मामले में हुई है। उन्होंने ट्वीट किया कि पंजाब पुलिस ने गुंडों की पार्टी बीजेपी के एक नेता तजिंदर बग्गा को गिरफ्तार किया है। उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जीने नहीं देंगे’ की धमकी दी थी।

दिल्ली पुलिस का दावा गलत : पंजाब पुलिस

पंजाब पुलिस के सूत्रों ने ये भी कहा कि दिल्ली पुलिस का यह दावा गलत है कि पंजाब पुलिस में तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के बारे में उनको जानकारी नहीं दी जबकि कल शाम से ही पंजाब पुलिस की एक टीम जनकपुरी पुलिस थाने में थी। उससे पहले दिल्ली पुलिस ने तजिंदर बग्गा के पिता की शिकायत के आधार पर अपहरण का केस दर्ज किया था।

बग्गा को जबरन उठाया, पिता को मारा घूंसा : भाजपा

दिल्ली के बीजेपी प्रवक्ता नवीन कुमार जिंदल ने दावा किया कि लगभग 50 पुलिस वाले बग्गा के दिल्ली स्थित घर में सुबह करीब साढ़े आठ बजे घुसे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यहां तक कि उन्हें पगड़ी भी नहीं पहनने दी। इतना ही नहीं जब बग्गा के पिता ने इस घटना को वीडियो में कैद करने का प्रयास किया तो उनके चेहरे पर घूंसा मारा गया।

पंजाब पुलिस का इस्तेमाल कर रहे केजरीवाल : कांग्रेस

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपने एजेंडे के लिए पंजाब पुलिस का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बग्गा की गिरफ्तारी के तरीके पर ऐतराज जताया।

000000000

प्रातिक्रिया दे