दोनों देशों के मजबूत संबंध लोगों को लाभ पहुंचाएंगे

रूस पहुंचे पीएम मोदी

मॉस्को। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार से अपनी दो दिवसीय रूस यात्रा शुरू की। इसमें वह व्यापार, ऊर्जा एवं रक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान देते हुए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर वार्ता करेंगे। मॉस्को पहुंचने पर भारतीय प्रधानमंत्री को हवाई अड्डे पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। शहर में कार्लटन होटल में भारतीय मूल के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और कुछ रूसी कलाकारों ने हिंदी गीतों की धुन पर नृत्य कर उनका स्वागत किया। मोदी ने मॉस्को पहुंचते ही कहा कि वह भविष्य के क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को गहन बनाने को लेकर आशान्वित हैं और भारत तथा रूस के बीच मजबूत संबंधों से हमारे लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव ने वनुकोवो-2 हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की। वह मोदी को हवाई अड्डे से उनके होटल तक छोड़ने उनके साथ गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मांतुरोव ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की रूस यात्रा के दौरान उनका भी स्वागत किया था।

एक्स पर किया पोस्ट

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, मॉस्को पहुंचा। हमारे देशों के बीच, खासतौर पर सहयोग के भविष्योन्मुखी क्षेत्रों में विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने को लेकर आशान्वित हूं। उन्होंने कहा, हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों का हमारे लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। यह पिछले पांच साल में मोदी की रूस की पहली यात्रा है। यह फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद उनकी पहली मॉस्को यात्रा है।

भारत-रूस शिखर सम्मेलन आज

पुतिन मॉस्को में 22वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के तहत मंगलवार को होने वाली वार्ता से पहले आज रात भारतीय प्रधानमंत्री के लिए निजी रात्रिभोज दी। मोदी यहां राष्ट्रपति पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे और भारतीय समुदायों के सदस्यों के साथ संवाद भी करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच विशेष साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ महत्वपूर्ण बातचीत करेंगे। वह रूस में भारतीय समुदाय के साथ भी संवाद करेंगे।

0000

प्रातिक्रिया दे