अरुणाचल में बादल फटने के बाद बाढ़ और भूस्खलन कई घर तबाह!

—भारी बारिश से बिगड़े हालात

ईटानगर। मानसून के आगमन के बाद अब कुछ राज्यों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में रविवार सुबह बादल फटने से कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रदेश में पिछले कुछ हफ्तों से भारी बारिश हो रही है लेकिन पिछले दो दिनों में स्थिति में सुधार हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं किया गया था। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे बादल फटने की घटना के बाद ईटानगर के कई हिस्सों में और उसके आसपास के इलाकों से भूस्खलन की खबरें हैं वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग 415 के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राज्य की राजधानी के लोगों की जीवनरेखा माने जाने वाले राजमार्ग पर कई वाहन फंसे हुए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे और भूस्खलन के खतरे वाले क्षेत्रों में न जाने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के मद्देनजर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने सात स्थानों पर राहत शिविर लगाये हैं।

3-4 दिन में कई राज्यों में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्सों, झारखंड के कुछ हिस्सों, बिहार के कुछ अन्य हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्सों में आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि 27 जून से यह उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में जोर पकड़ेगा।

3 जुलाई तक देश में छा जाएगा मानसून

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि 3 जुलाई तक मानसून पूरे देश में फिर से बढ़ने लग जाएगा और उत्तर-पश्चिम भारत में बरसने लगेगा। इसमें दिल्ली से लेकर हरियाणा और पंजाब तक शामिल हैं। बता दें कि 11 जून के बाद मानसून की रफ्तार धीमी हो गई थी और इसके बाद गुरुवार तक यह भारत के कुछ हिस्सों में ही थोड़ा आगे बढ़ा था.

000

प्रातिक्रिया दे