- पंजाब के पूर्व सीएम लड़ रहे हैं इस संसदीय सीट से चुनाव
नई दिल्ली। पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर मुकाबला बहुत ही रोमांचक है। यहां भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। यहां दल-बदलू का मेला लगा हुआ है। अब देखना यह दिलचस्प होगा की जनता किसे चुनती है। जालंधर सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। इस सीट का महत्व इसलिए भी और बढ़ जाता है क्योंकि यहां से देश के 12वें प्रधानमंत्री इन्द्र कुमार गुजराल ने चुनाव जीगा था। इसलिए अपने गढ़ को बचाने के लिए कांग्रेस ने मैदान में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को उतारा है। वे एक दलित चेहरा है और कांग्रेस को उनसे उम्मीद है कि वे कांग्रेस को इस सीट से जीत दिलाने में कामयाब होंगे।
भाजपा के रिंकू
भारतीय जनता पार्टी ने यहां से सुशील रिंकू को टिकट दिया है, वे यहां से मौजूदा सांसद हैं। सुशील रिंकू को पहले आप ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था। लेकिन उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा में चले गए। पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर मुकाबला बहुत ही रोमांचक है। यहां सुशील रिंकू ने पिछले वर्ष ही कांग्रेस का पाला छोड़ा था और आप में शमिल हुए थे। वहीं आम आदमी पार्टी ने दो बार के विधायक और शिरोमणि अकाली दल के पूर्व नेता पवन कुमार टीनू को प्रत्याशी बनाया है। वे हाल ही आप में शामिल हुए हैं। सुखबीर सिंह बादल नीत शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने जालंधर सीट से कांग्रेस के पूर्व नेता मोहिंदर सिंह कायपी को खड़ा किया है। कायपी ने पिछले महीने ही शिअद का हाथ थामा है। मायावती की पार्टी बहुजन समाज ने बलविंदर कुमार को अपने उम्मीदवार के तौर पर चुनाव में उतारा है।
पिछले साल हुआ था उपचुनाव
2019 में जालंधर लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी संतोख चौधरी जीते थे। लेकिन उनके असामयिक निधन के बाद यहां मई 2023 में उपचुनाव कराए गए जिसमें आम आदमी पार्टी के सुशील कुमार रिंकू ने 34 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत अपने नाम दर्ज की। पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव 1 जून को है। जालंधर लोकसभा सीट में कुल मतदाताओं की संख्या 16.54 लाख है, जिसमें अनुसूचित जाति की संख्या बाहुल्य है। इस लोकसभा सीट के अंतर्गत नौ विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
मैदान पर हैं कई प्रतिद्वंद्वी
61 साल के चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ जालंधर सीट पर कई दूसरे मजबूत प्रतिद्वन्दी मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी से पवन टीनू, बीजेपी से सुशील रिंकू, शिरोमणि अकाली दल से मोहिंदर सिंह केपी और बहुजन समाज पार्टी से बलविंदर कुमार जालंधर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि जालंधर सीट पर दलित मतदाता सबसे ज्यादा हैं और हार-जीत का फैसला भी इनके वोट से ही तय होता है। इस लोकसभा सीट पर दलित मतदाता 37 प्रतिशत हैं जबकि पूरे पंजाब में देशभर में सबसे ज्यादा दलित वोटर हैं और यह आंकड़ा 32 प्रतिशत है।
कोई आपराधिक मामला नहीं
चन्नी की एजुकेशन की बात करें तो उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से बीए, एलएलबीकी डिग्री ली है। वहीं पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से उन्होंने एमबीए किया है। उन्होंने साल 2016 में पंजाब यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में एमए भी किया है। इसके अलावा पीयू चंडीगढ़ से डॉक्टरेट (पीएचडी) की भी डिग्री हासिल की है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ कोई भी आपराधिक मुकदमा नहीं है। उन्होंने चुनावी एफिडेविट में बिजनेस को अपनी आय का मुख्य जरिया बताया है।
000

