‘दुनिया को महात्मा गांधी के बारे में फिल्म से पता चला’

-पीएम मोदी ने इंटरव्यू में किया दावा, कांग्रेस ने की आलोचना

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि दुनिया को महात्मा गांधी के बारे में फिल्म से पता चला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस की आलोचना करते हुए दावा किया कि रिचर्ड एटनबरो की 1982 की फिल्म ‘गांधी’ बनने तक दुनिया को महात्मा गांधी के बारे में ज्यादा पता नहीं था। एक समाचार चैनल को दिए एक इंटरव्यू में पीएम मोदी ने दावा किया कि महात्मा गांधी एक महान इंसान थे, लेकिन दुनिया को उनके बारे में पता नहीं था। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या पिछले 75 साल में महात्मा गांधी को दुनिया भर में मान्यता दिलाने की जिम्मेदारी देश की नहीं थी।

फिल्म ने पैदा की जिज्ञासा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंटरव्यू के दौरान दावा किया कि ‘महात्मा गांधी दुनिया की एक महान आत्मा थे। इन 75 साल में क्या महात्मा गांधी के बारे में दुनिया को बताना हमारी जिम्मेदारी नहीं थी? कोई भी उनके बारे में नहीं जानता था। मुझे माफ करें, लेकिन दुनिया में पहली बार उनके बारे में जिज्ञासा तब पैदा हुई, जब फिल्म ‘गांधी’ बनी। हमने ऐसा नहीं किया।’ उन्होंने कहा कि अगर दुनिया मार्टिन लूथर किंग और नेल्सन मंडेला जैसे अन्य नेताओं के बारे में जानती है, तो गांधी उनसे कम नहीं थे। पीएम मोदी ने दावा किया कि ‘अगर दुनिया मार्टिन लूथर किंग, नेल्सन मंडेला को जानती है, तो गांधी उनसे कम नहीं थे और आपको यह स्वीकार करना होगा। मैं दुनिया भर की यात्रा करने के बाद यह कह रहा हूं।’

999999999

कांग्रेस ने कहा- मोदी ही नष्ट कर रहे गांधी की विरासत

टीवी इंटरव्यू का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस टिप्पणी की आलोचना की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर ‘महात्मा गांधी की विरासत को नष्ट करने’ का आरोप लगाया। रमेश ने एक्स पर लिखा कि ‘ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री ऐसी दुनिया में रहते हैं, जहां 1982 से पहले महात्मा गांधी को दुनिया भर में मान्यता नहीं मिली थी। अगर किसी ने महात्मा गांधी की विरासत को नष्ट किया है, तो वह खुद प्रधानमंत्री हैं। यह उनकी सरकार है जिसने वाराणसी, दिल्ली और अहमदाबाद में गांधीवादी संस्थानों को नष्ट कर दिया है।’ रमेश कहा कि ‘यह आरएसएस कार्यकर्ताओं की पहचान है कि वे महात्मा गांधी के राष्ट्रवाद को नहीं समझते हैं। यह उनकी विचारधारा द्वारा बनाया गया माहौल था, जिसके कारण नाथूराम गोडसे ने गांधी की हत्या कर दी.’ रमेश ने यह भी कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव महात्मा के भक्तों और गोडसे के भक्तों के बीच की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि ‘प्रधानमंत्री और उनके गोडसे भक्त सहयोगियों की हार निश्चित है। ’

000

प्रातिक्रिया दे