(फोटो : मल्लिकार्जुन खड़गे)
यमुनानगर (हरियाणा)। हरियाणा के यमुनानगर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनावी सभा की। यहां उन्होंने कहा, मैं नरेंद्र मोदी के खिलाफ नहीं हूं। मैं मोदी और आरएसएस की विचाराधारा के खिलाफ हूं। हम विचारधारा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। मोदी खुद को होशियार समझते हैं। परंतु मोदी से ज्यादा देश की जनता होशियार है। यह लड़ाई जनता और नरेंद्र मोदी व भाजपा के बीच है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने नरेंद्र मोदी को झूठों का सरदार भी कहा। पहले मोदी कहते थे कि कांग्रेस ने 70 साल में देश के लिए किया क्या है? अब कहते हैं कि कांग्रेस ने 55 साल में क्या किया है। नरेंद्र मोदी भूल गए कि कांग्रेस की बनाई हुई नीतियों के कारण ही वह आज प्रधानमंत्री बने हैं।
सबका साथ लेकर किया सत्यानाश
खड़गे ने कहा कि नरेंद्र मोदी नारा देते हैं कि सबका साथ-सबका विकास। सबका साथ लेकर मोदी ने सबका सत्यानाश कर दिया। मोदी देश के किसानों पर कभी कुछ नहीं बोलते। कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र को मोदी मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र बताते हैं। वह कहते हैं कि कांग्रेस सरकार बनी तो लोगों का हक मुसलमानों को दें देंगे। मोदी को पढ़ना नहीं आता है। वह बताएं की कांग्रेस के घोषणा पत्र में यह सब कहां लिखा है। ऐसे ऊंचे पद पर बैठ कर भी वह झूठ बोलते हैं। कांग्रेस ने घोषणा पत्र सभी वर्गों को ध्यान में रख कर बनाया है। खड़गे ने कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ी है। केंद्र सरकार में ही 30 लाख पद खाली पड़े हैं। वहीं हरियाणा में एक लाख 82 हजार पद खाली हैं। भाजपा ने इन पदों को इसलिए खाली छोड़ा हुआ है क्योंकि दलितों, पिछड़ों व आदिवासियों को उनका हक देना पड़ेगा। उन्होंने गठबंधन की सरकार बनने पर देश में अग्निवीर योजना को बंद करने की बात भी कही।
00000

