कई राज्यों को मिलेगी गर्मी और लू से निजात, छग सहित अनेक प्रदेशाें में होगी बारिश

राजस्थान-केरल में लू का प्रकोप, बेंगलुरु में बारिश के चलते 17 फ्लाइट चेन्नई डाइवर्ट

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि आज से देश के कई राज्यों में गर्मी कम हो जाएगी और बारिश से मौसम खुशगवार होगा। मौसम वैज्ञानिक सोमा सेन ने बताया कि राजस्थान और केरल को छोड़कर बाकी देश के सभी हिस्सों में लू करीब-करीब खत्म होने वाली है। उन्होंने बताया कि लू केवल राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में चलेगी। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 5 दिन तक बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मध्य प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिरने का भी अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग द्वारा हालांकि कुछ राज्यों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इधर, बेंगलुरु में गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह हुई बारिश के चलते पूरे शहर में पानी भर गया। भारी बारिश की वजह से कर्नाटक इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 में पानी लीक होने के चलते कई डोमेस्टिक फ्लाइट्स को डाइवर्ट करना पड़ा। वहीं, कई सड़कों में भी पानी भर जाने के चलते पुलिस को दूसरे रास्तों में ट्रैफिक को मोड़ना पड़ा।

कई राज्यों में बिजली गिरने की संभावना

मौसम वैज्ञानिक सेन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से देश में तेज नमी का प्रवाह आ रहा है, जिससे आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, असम, मेघालय और आसपास के अन्य राज्यों में बिजली गिरने की संभावना रहेगी। तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी।

इन राज्यों में बारिश व अंधड़ के आसार

आईएमडी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होगी, वहीं दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य है और आगे बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में अगले एक हफ्ते तक बारिश का अनुमान जताया गया है। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी। पहाड़ों पर भी बारिश का दौर चल रहा है। उत्तराखंड में 13 मई तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

जम्मू में तेज हवाओं से भारी नुकसान

वहीं, शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उत्तरी भाग में तेज हवाओं के चलते पेड़ गिरे और संपत्ति को नुकसान हुआ। पेड़ गिरने से कई मकानों के छप्पर टूट गए, कई गाड़ियां और एक एंबुलेंस को भी नुकसान पहुंचा। पेड़ गिरने से श्रीनगर-बारामूला हाईवे पर टप्पर इलाके के पास ट्रैफिक का मूवमेंट भी रोकना पड़ा।

देश के 7 राज्यों में गर्मी दिखा रही प्रकोप

उधर, देश के 7 राज्यों में गर्मी का असर भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, महाराष्ट्र, हरियाणा और तेलंगाना में तापमान 40 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान में आज हीटवेव की चेतावनी है। फलोदी जिले में शुक्रवार को तापमान 46.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।


छग सहित 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

देश में गर्मी के मौसम के बीच 20 राज्यों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 5 दिन तक बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मध्य प्रदेश में आज बारिश के साथ ओले गिरने का भी अलर्ट जारी किया है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ जिलों में भी हल्की बरसात देखने को मिल सकती है। इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट के 8 राज्यों में तेज बारिश होगी।

000000

प्रातिक्रिया दे