साय बोले-मोदी के नेतृत्व में ही देश बन सकता है ‘आर्थिक महाशक्ति’

ओडिशा पहुंचे सीएम साय ने ली दो जनसभाएं

रायपुर/कोरापुट/नवरंगपुर। छत्तीसगढ़ का चुनाव खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अब देशभर में भाजपा के स्टार प्रचारक की भूमिका में है। श्री साय बुधवार को उड़ीसा के कोरापुट और नवरंगपुर जिले में चुनाव प्रचार में पहुंचे और सभाओं को संबोधित किया।

यहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ओडिशा ही नहीं, पूरे देश में जनता का विश्वास पीएम मोदी और भाजपा के प्रति बढ़ा है। मोदी ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में देश के गांव, गरीब, किसान, मजदूर सहित 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हुए सबके लिए काम किया। चाहे पक्का मकान देने का मामला हो, चाहे माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति के लिए गैस सिलेंडर देने की बात हो, महिला सम्मान से जुड़े शौचालय देने का विषय हो। नरेंद्र मोदी ने सभी वर्ग के लिए काम किया है, चाहे जनधन खाते खोलने की बात हो या घर-घर निर्बाध बिजली और स्वच्छ पानी पहुंचाने की बात हो। हर क्षेत्र में मोदी जी ने उत्कृष्ट कार्य किया है।इससे निश्चित रूप से ओडिशा की जनता भी प्रभावित है और आने वाले लोकसभा व विधानसभा के चुनाव में निश्चित ही भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।

ओडिशा की आदिवासी बेटी को बनाया राष्ट्रपति

सीएम साय ने कहा कि आज आपके ओडिशा की एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व पीएम मोदी ने मुझे सौंपा है। हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही संभव है। भाजपा में लोकतंत्र है, कार्यकर्ताओं का सम्मान है। जबकि अन्य पार्टियों में परिवारवाद है, अयोग्य लोग ही पार्टी में अपना प्रभुत्व चला रहे हैं।

आत्मीय स्वागत के लिए जनता का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने नवरंगपुर लोकसभा के अंतर्गत दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया। जहां जनता द्वारा मिले आत्मीय प्यार और स्वागत से वो अभिभूत दिखे। उन्होंने कहा कि मैं एक आदिवासी क्षेत्र में आया हूं, अपने सगा-समाज के बीच आया हूं तो आप सबको भी मेरा जोहार। आप सभी ने जो आत्मीय स्वागत किया उसके लिए हृदय से आभार। उन्होंने कहा कि जब भी ओडिशा आता हूं, यहां की जनता से बहुत प्यार मिलता है।

भाजपा के प्रत्याशियों के लिए मांगा वोट

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाने वाले नरेंद्र मोदी जी को हमें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है और ओडिशा में भी भाजपा की सरकार बनाना है। इसके लिए नवरंगपुर व कोरापुट की जनता का भरपूर सहयोग मिले, ये आग्रह करने आया हूं। आप सभी भाजपा के लोकसभा और विधानसभा प्रत्याशियों को जिताएं ये आग्रह करने आया हूं।

00000

प्रातिक्रिया दे