(फोटो : करण)
यूपी की चर्चित लोकसभा सीट कैसरगंज पर भाजपा के उम्मीदवार को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है। इस सीट से मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह चुनाव नहीं लड़ेंगे। भाजपा ने उनके छोटे बेटे करण भूषण को टिकट दिया है। वहीं पार्टी ने रायबरेली के उम्मीदवार के नाम का भी खुलासा कर दिया है। पार्टी ने यहां दिनेश प्रताप सिंह को उतारा है। आपको बता दें, करण भूषण सिंह पहली बार लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर किस्मत अजमाएंगे। करण भूषण सिंह उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवानों के यौन शोषण जैसे गंभीर आरोपों में घिरे भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के मामले की दिल्ली के एक कोर्ट में सुनवाई चल रही है। ऐसे में पिछले कई दिनों से कैसरगंज सीट पर भाजपा की ओर से प्रत्याशी की घोषणा नहीं हो सकी थी। कैसरगंज सीट पर नामांकन के लिए अंतिम तारीख 3 मई है।
–
2019 में रायबरेली से थे प्रत्याशी, सोनिया गांधी से हारे
दिनेश प्रताप सिंह को रायबरेली से फिर उम्मीदवार बनाया गया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी के सामने उन्होंने करीब पौने 4 लाख वोट हासिल किए थे, लेकिन चुनाव हार गए। सोनिया गांधी ने दिनेश प्रताप सिंह को 1,67,178 वोटों से हराकर रायबरेली की अपनी सीट बरकरार रखने में कामयाबी हासिल की थी। दिनेश प्रताप सिंह 3,67,740 वोट हासिल करने में कामयाब रहे, वहीं सोनिया गांधी 5,34,918 वोटों के साथ फिर से सीट जीतने में कामयाब रही थीं। इस सीट पर सपा और बसपा ने उनका समर्थन किया था।
0000000

