10 साल में मोदी सरकार ने जनता के साथ किया अन्याय : प्रियंका

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी पहुंची कोरबा लोकसभा की कोयलांचल नगरी चिरमिरी


कांग्रेस नेता के आरोप

00 महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण मुद्दे पर कोई बात नहीं करते भाजपा के नेता

00 सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी, देश में 70 करोड़ लोग बेरोजगार

00 टीके को बनाने वाली कंपनी से भाजपा ने जमकर लिया चंदा

इंट्रो

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कोयलांचल नगरी चिरमिरी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने देश में लगातार बढ़ रही बेतहाशा महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम सीमा पर है। 10 साल के मोदी सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा अन्याय देश के लोगों के साथ हुआ है।

हरिभूमि न्यूज. बैकुण्ठपुर। डोमनहिल ग्राउंड में आयोजित सभा में प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। देश में 70 करोड़ लोग बेरोजगार हैं। इस सरकार ने पांच साल से कोई भी भर्ती नहीं निकाली है। निजीकरण करने की वजह से केवल उद्योगपति मलामाल हो रहे हैं। सभी जरूरत के समानों पर जीएसटी लगा हुआ है। 10 साल के मोदी सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा अन्याय देश के लोगों के साथ हुआ है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने जमकर उद्योगपति से चंदा लिया, हजारों करोड़ रूपए डरा धमका कर ले लिए, किसी को नहीं छोड़ा। कोरोना के समय सभी को वैक्सीन लगी थी, उस समय टीके का सर्टिफिकेट मिलता था, उसमें नरेन्द्र मोदी का फोटो लगा था। अब इस समय सर्टिफिकेट में मोदी जी का फोटो नहीं है। इस टीके को बनाने वाली कंपनी से इन्होंने जमकर चंदा लिया और आज मेडिकल रिपोर्ट आई है कि जिसको टीका लगा, उसमें से एक-दो प्रतिशत लोग गिरकर मर गए, जिसका किसी को पता ही नहीं चला। वर्तमान में कंपनी भी साइड इफेक्ट की बात स्वीकार कर रही है। भाजपा ने इस कंपनी के लोगों से भी जमकर चंदा लिया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि चिरमिरी का इलाका प्राकृतिक रूप से बेहद सुंदर है। बचपन में मेरी दादी इंदिरा गांधी हमेशा कहती थी कि आदिवासी संस्कृति के लोगों का एक-दूसरे से अच्छा जुड़ाव होता है। मेरी दादी के कमरे में आज भी आदिवासी संस्कृति की कई कलाकृतियां मौजूद हैं। प्रियंका गांधी ने चिरमिरी के महापुरूषों को याद करते हुए कहा कि चिरमिरी प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण धरती है। यहां अलग-अलग प्रदेशों से लोग आए और खदान में काम किए। सभी ने मिलजुलकर काम किया और चिरमिरी को आगे बढ़ाया। छग का मान सम्मान भी पूरे देश में बढ़ा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बहुत अच्छे से काम कर छग को आगे बढ़ाने का काम किया है, इसी का नतीजा भी है कि उन्हीं पर सबसे ज्यादा सियासी हमले भी हुए। हमेशा से ही भाजपा ने देश को गलत दिशा देने वाली राजनीति की है। चिरमिरी कोयले का क्षेत्र है, जिसे इंदिरा गांधी ने आगे बढ़ाया। यहां के खदानों का राष्ट्रीयकरण कराया, ताकि लोगों को रोजगार और खुशहाली मिल सके। खदानों में यहां लाखों मजदूरों को रोजगार मिला। भाजपा के बड़े-बड़े नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन आप सभी को गहराई से समझने की जरूरत है। बुनियादी समस्याओं पर कभी भाजपा और खासकर पीएम नरेन्द्र मोदी कोई बात नहीं करते। भाजपा देश की संपत्ति का निजीकरण करते हुए सभी अपने चहेते उद्योगपतियों के हाथों में सौंपने का कार्य कर रही है। अब रोजगार की सुरक्षा नहीं रही। खदानों में ठेकेदारी प्रथा से मजदूरों का शोषण हो रहा है। खदानों के लिए जमीनें ली गई, लेकिन उन्हें मुआवजा और नौकरी नहीं मिली है। इस क्षेत्र के लिए आवागमन की कोई सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि जो नेता भ्रष्ट थे, उन्हें दबाव डालकर अपने साथ अपनी पार्टी में ले लिए और उनके उपर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत छोटे-बड़े सभी नेता महंगाई समेत तमाम समस्याओं पर कोई भी बात नहीं करेंगे।

कांग्रेस पार्टी की सोच हमेशा रही है कि हमारे नेता जनता के लिए लड़ाई लड़ें, उन्हीं को हम आगे बढ़ाते हैं, क्योंकि जनता ही सर्वोपरि है। हमारे न्याय पत्र की सभी बातें पूरी होंगी, क्योंकि 10 साल के मोदी सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा अन्याय देश के लोगों के साथ हुआ है। भाजपा के लोग धर्म के नाम पर बांट रहे हैं। लोगों की जुबान को दबाने का काम कर रहे हैं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के समय लोग खुलकर अपनी बातें बेझिझक रखते थे।

मंच पर छग प्रभारी सचिन पायलेट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी श्रीमती ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल,अमरजीत भगत, ताम्रध्वज साहू, मोहन मरकाम, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, डॉ.विनय जायसवाल, श्रीमती अंबिका सिंहदेव, जिलाध्यक्ष कोरिया प्रदीप गुप्ता, एमसीबी जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, रमेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ श्रीमती प्रभा पटेल, नजीर अजहर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

सभी को जागरूक होने की जरूरत

प्रियंका गांधी ने कहा कि आप सभी को जागरूक होने की जरूरत है। अपने संविधान को समझने की जरूरत है। स्वतंत्रता सेनानियों के खून पसीने की लड़ाई से देश आजाद हुआ। हमारे न्याय पत्र में 25 लाख तक इलाज, न्यूनतम मजदूरी 400 रूपए, 100 दिन की रोजगार की गारंटी, वन अधिकार अधिनियम, आम लोगों के लिए खास बजट, भूमि अधिग्रहण में संशोधन को हटाया जाएगा, आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र को अनुसूचित क्षेत्र घोषित किया जाएगा। अंत में उन्होंने सभी लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती ज्योत्सना महंत को जिताने की अपील की।

कांग्रेस लोगों के दिलों से बसती है : ज्योत्सना

कोरबा लोकसभा की प्रत्याशी श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कहा कि सोनिया गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस लोकसभा के लिए मुझे दुबारा प्रत्याशी बनया है, इसके लिए मैं आभारी हूं। कोरबा लोकसभा क्षेत्र आदिवासी इलाका है, इस इलाके के ग्रामीण अंचल में इंदिरा गांधी लोगों के दिलों में बसती हैं, इसलिए कांग्रेस यहां जीतती हैं और आगे भी जीतेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे न्याय पत्र को देखकर भाजपा बौखला रही है, इनके पास केवल कांग्रेस के नेताओं को कोसने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है, जबकि हमारे पास महंगाई से लेकर कई तरह के ज्वलंत मुद्दे हैं। इस बार चुनाव जीतकर आने के बाद कोरबा लोकसभा क्षेत्र में और इस चिरमिरी क्षेत्र के लिए कई कार्य करने हैं।

हमारी योजनाएं सांय-सांय बंद हो रहीं- भूपेश

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज आप सभी प्रियंका गांधी को सुनने आए हैं, इसलिए ज्यादा न कहते हुए आज मैं इतना ही कहूंगा कि यह लोकसभा चुनाव है। यह लड़ाई केवल ज्योत्सना महंत की नहीं है, बल्कि सभी देशवासियों की है, क्योंकि आज संविधान खतरे में हैं। यह चुनाव खास है, इसलिए सोच समझकर मतदान करना है। मेरे कार्यकाल के दौरान मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के साथियों ने जिला बनाने की मांग की थी, जिसे मैंने पूरा किया। यहां मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग उठी थी, जिसे हमने विधानसभा से पारित कर भेज दिया था। हमने किसानों के ऋण माफी के साथ पिछले 5 साल के कार्यकाल में जो वादे किए सभी को पूरा किया। बिजली बिल हॉफ से लेकर शिक्षा के क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल संचालित किया, लेकिन जब से छग में भाजपा की सरकार आई है, सभी योजनाएं सायं-सायं बंद कर रही है। गोबर खरीदी, गौठान, बेरोजगारी भत्ता बंद समेत कई योजनाएं सायं-सायं बंद हो गई। कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जो गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं के लिए काम करती है, भाजपा के लोग केवल जुमलेबाजी का काम करते हैं।

000

प्रातिक्रिया दे