- सहयोगी कांग्रेस पार्षद के घर में पुलिस ने दी दबिश, नहीं मिला
- कांग्रेस कार्यकर्ता रज्जबअली खुदकुशी मामले में हुई गिरफ्तारी
बिलासपुर। कांग्रेस कार्यकर्ता की खुदकुशी करने के मामले में डेढ़ साल से फरार फरार आरोपी कांग्रेस नेता अकबर खान को रविवार को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़ने गई पुलिस को देखकर अकबर खान घर में महिलाओं के साथ बुर्का पहनकर छिप गया था, परंतु पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला। पुलिस ने उसके साथी कांग्रेस पार्षद तयैब हुसैन के घर में भी दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।
4 अक्टूबर 2022 को चांटीडीह निवासी रज्जब अली पिता स्व. रोशन अली 56 साल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनके पास से एक पेज का सुसाइड नोट मिला। इससे पुलिस को पता चला कि मृतक की शनिचरी रपटा चौक के पास 1250 डिस्मिल जमीन है। उसके बगल में राहुल ध्रुव नामक व्यक्ति की जमीन है। कांग्रेस नेता तैय्यब हुसैन, अकबर खान ने उससे जमीन खरीदकर रजिस्ट्री करा ली और गलत सीमांकन कराकर उनकी जमीन व दुकान को अपना बताने लगे, वे दुकान व जमीन खाली करने के लिए उन्हें दो माह से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इससे त्रस्त होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। जांच के बाद पुलिस ने जनवरी 2024 में अकबर खान व तयैब हुसैन के खिलाफ धारा 306, 34 के तहत अपराध कायम कर लिया था। घटना के बाद से दोनों फरार थे। रविवार को सरण्कडा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी रोशन आहूजा को सूचना मिली कि आरोपी अकबर खान अपने देवनंदन नगर फेस 2 स्थित घर आया हुआ है। एसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर डीएसपी श्री साहू एसआई देवेश संडे, मनोज बघेल, इमरान, कमलेश सूर्यवंशी ने देवनंदन नगर फेस 2 में उसके घर में दबिश दी। घर के सामने अकबर खान का भाई बैठा था। उन्होंने घर में अकबर खान के नहीं होने की बात कही। पुलिस ने घर की तलाशी लेने कहा तो उसके भाईयों ने कहा घर की महिलाएं बुर्का पहनकर रहती हैं, उन्हें परेशान नहीं किया जाए। उसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली तो एक कमरे में महिलाएं बुर्का पहनकर बैठी हुई थीं। सभी को बाहर निकाला गया तो अकबर खान भी बुर्का पहनकर बाहर निकला। पुलिसकर्मियों ने उसे पहचान लिया और पकड़कर थाने ले गए। उसके बाद उसे उक्त मामले में गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
—
एएसपी ने जांच में पाया दोषी
घटना के दिन मृतक के परिजनों ने सरकण्डा मुख्य मार्ग में शव रखकर चक्काजाम कर अकबर खान, तैयब हुसैन के खिलाफ जुर्म दर्ज कर गिरफ्तारी करने की मांग की थी। तत्कालीन एसपी के निर्देश पर एडीशनल एसपी सिटी शिकायत की जांच कर रहे थे। जनवरी 2024 में जांच में दोषी पाए जाने पर सरकण्डा थाने में दोनो के खिलाफ अपराध क्रमांक 28/ 24, धारा 304, 34 के तहत जुर्म दर्ज किया गया था।
—
सकरी थाने में भी दर्ज है मामला
11 जनवरी 2022 को कुम्हारपारा निवासी सिद्धार्थ नागवंशी पिता वीरेन्द्र नागवंशी ने उसलापुर गीताजंली सिटी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी मां अरूणा व पिता वीरेन्द्र ने भूमाफिया कांग्रेस नेता अकबर खान सहित अन्य पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। 22 महीने थाने व अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका लगाई। हाईकोर्ट ने तत्कालीन सीएसपी संदीप पटेल को जमकर फटकार लगाई। उसके बाद सकरी थाने में जनवरी माह में अपराध क्रमांक 2/24 के तहत अकबर खान, शिबू उर्फ फैजान खान, मीनाक्षी बंजारे के खिलाफ धारा 306, 34 के तहत जुर्म दर्ज किया गया था। आरोपी मीनाक्षी बंजारे की गिरफ्तारी हो गई है। इस मामले में अकबर खान व शिबू उर्फ फैजान खान की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
—
शहर में चलाता था गैंग
आरोपी अकबर खान शहर में युवाओं का गैंग चला रहा था। लंबे अरसे से वह शहर में भूमाफिया का काम कर गुर्गों के बल पर लोगों की जमीन पर कब्जा करने काम कर रहा था।
—
हथकड़ी लगाने पर हंगामा करने की दी धमकी
बुर्का के साथ पकड़े जाने पर आरोपी अकबर खान ने पुलिसकर्मियों को हथकड़ी नहीं लगाने की बात कही। हथकड़ी लगाकर थाने जाने पर उसने हंगामा मचाने की धमकी दी। उसके बाद पुलिस ने उसे बिना हथकड़ी लगाए थाने लेकर गई। भूमाफिया कांग्रेस नेता अकबर खान की गिरफ्तारी की खबर शहर में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में उसके समर्थक युवा थाने पहुंच गए।
वर्सन
गिरफ्तारी की गई
रज्जब अली आत्महत्या के मामले में फरार आरोपी अकबर खान के उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वह घर में महिलाओं के साथ बुर्का पहनकर बैठा हुआ था। उसके साथी तैयब हुसैन के घर में दबिश दी गई। वह नहीं मिला है, उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
सिद्धार्थ बघेल, सरकण्डा सीएसपी
00

