शाह बोले- जब तक भाजपा सरकार, तब तक खत्म नहीं होने देंगे आरक्षण

–राजनांदगांव लोकसभा प्रत्याशी पांडेय के लिए शाह ने मांगा समर्थन

शाह बोले-पूरे देश में यूसीसी लागू कराएंगे, जमीन पर आएगा वन-नेशन-वन इलेक्शन

इंट्रो

राजनांदगांव लोकसभा में भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे के लिए प्रचार करने खैरागढ़ पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष संविधान निर्माता को याद करने वाले दिन भी झूठ कहते हैं कि भाजपा सरकार बनते ही संविधान बदल देगी, लेकिन मैं आपको वादा करता हूं कि जब तक केंद्र में भाजपा की सरकार रहेगी, आरक्षण नहीं हटाया जाएगा।


राजनांदगांव। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग को आरक्षण मिलता रहेगा। तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनाएं, हम अगले तीन साल में छग से नक्सलवाद का सफाया कर देंगे। अपने संबोधन के दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल के कार्यकाल को भी निशाना बनाते कहा कि देश में कांग्रेस ने कई घोटाले किए, लेकिन कभी भी भगवान के नाम पर घोटाला नहीं हुआ था। भूपेश बघेल ने महादेव के नाम पर भी घोटाला कर दिया, उनको आज पूरा देश महादेव सट्टा एप के नाम से जानता है। उन्होंने सवाल पूछते कहा कि मैं भूपेश से पूछना चाहता हूं कि 75 साल तक राज करने वाली कांग्रेस ने कभी आदिवासी को राष्ट्रपति क्यों नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने ओडिशा की बेटी आदिवासी वर्ग से आने वाली द्रोपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाया। सोनिया-मनमोहन की सरकार ने छत्तीसगढ़ को 10 साल में सिर्फ 77 हजार करोड़ दिया था। पीएम मोदी ने 3.20 लाख करोड़ देने का काम किया। शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपनी सरकार के दौरान भूपेश ने पीएससी, कोल, वर्मी कम्पोस्ट, शराब, गोबर जैसे घोटाले किए। गृहमंत्री ने कहा कि इतना भ्रष्टाचार कर भी भूपेश बघेल का पेट नहीं भरा है। छग की जनता ने उन्हें विस चुनाव में हराया, अब की बार उससे भी बड़े अंतर से उन्हें हराकर घर बैठाए।


हमेशा झूठ बोलते हैं भूपेश

गृहमंत्री शाह ने संबोधन के दौरान कहा कि भूपेश यदि कहते हैं कि आज सोमवार है तो मान लेना की रविवार है, क्योंकि वे कभी सच नहीं कहते। भूपेश ने अपनी सरकार के दौरान शराबबंदी, जुट कारखाना, माताओं को प्रतिमाह 500 रुपए देने जैसे झूठे वादे किए। खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय को रायपुर शिफ्ट करने का प्रयास किया।

ऐसे हराएं कि दोबारा नांदगांव न आएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संबोधित करते कहा कि प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी पर विश्वास कर भाजपा को जीत दिलाई। अब लोकसभा में भी सभी 11 सीटें जीतकर मोदी को तीसरी बार पीएम बनाना है। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर निशाना साधते कहा कि झूठे वादे कर पांच साल सरकार के दौरान जनता को धोखा देने का काम किया। शराब से लेकर रेत, कोल जैसे कई घोटाले किए। अब वे नांदगांव में सांसद का चुनाव लड़ने आए हैं। उन्हें ऐसा हराकर भेजिए कि दोबारा नांदगांव की तरफ देखें भी ना।


इधर, भूपेश ने उठाए सवाल

कहा-महादेव सट्टा ऐप को चालू रखने भाजपा ने कितना चंदा लिया

राजनांदगांव। पूर्व मुख्यमंत्री और राजनांदगांव के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खैरागढ़ की चुनावी सभा में राज्य की भाजपा सरकार के कारनामों को छिपाकर बड़े-बड़े झूठ बोलकर चले गए। उन्होंने महादेव ऐप के बारे में तो ढ़ेर सारी बातें की, लेकिन यह नहीं बताया कि अब जबकि डबल इंजन की सरकार है तो महादेव ऐप क्यों चल रहा है? उन्हें बताना चाहिए कि भाजपा ने महादेव ऐप को चालू रखने के लिए चलाने वालों से कितना चुनावी चंदा लिया है? भूपेश बघेल ने कहा कि महादेव ऐप पर कार्रवाई तो कांग्रेस की सरकार ने की थी और केंद्र की भाजपा सरकार से अनुरोध किया था कि महादेव ऐप को बंद कर उसके संचालकों को गिरफ्तार कर लें, लेकिन गिरफ्तारी तो दूर की बात, केंद्र सरकार ने महादेव ऐप को बंद तक नहीं करवाया। उन्होंने पूछा कि क्या वजह है कि महादेव सट्टा ऐप अभी भी बिना रोक-टोक चल रहा है तो भाजपा ने उनसे कितना चंदा लिया है? उन्होंने कहा कि राजनीतिक रूप से भाजपा लड़ नहीं पा रही है तो बेवजह आरोप लगाकर कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश रच रही है।

000

प्रातिक्रिया दे