विरोध में किया नगर बंद
पुलिस ने रांची से सकुशल किया बरामद
अंबिकापुर। परीक्षा देने के नाम पर घर से निकली दो नाबालिग छात्राओं को विशेष समुदाय के युवकों द्वारा भगाकर ले जाने की घटना के बाद रघुनाथपुर में तनावपूर्ण माहौल निर्मित हो गया। पुलिस ने समय रहते घेराबंदी कर रांची से दोनों छात्राओं को बरामद कर युवकों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों का आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपियों के घरों का घेराव कर पत्थरबाजी की। एक घर में आग लगाने का भी प्रयास किया। बुधवार को लोगों ने नगर बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जिससे लगभग तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर क्षेत्र में रहने वाली दो छात्राएं परीक्षा देने घर से निकली थीं लेकिन वे घर नहीं लौटी। छात्राओं के घर नहीं आने पर परिजन ने पुलिस से इसकी शिकायत की। एसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से नाबालिग छात्राओं को झारखंड के रांची से बरामद किया। इसके साथ ही छात्राओं के अपहरण के मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की पहचान रघुनाथपुर निवासी 19 वर्षीय इस्तेयाक आलम व 20 वर्षीय इंजमाम उल हक के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है इसके साथ ही घटना की जांच जारी है।
–
भड़का आक्रोश, घर पर पथराव
दो नाबालिग किशोरियों को भगाकर ले जाने की जानकारी मिलने के बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में लोग इस घटना के विरोध में थाने पहुंच गए और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद लोगों ने आरोपियों के घरों पर पथराव किया तथा आगजनी की कोशिश की। बुधवार को लोगों ने सुबह से ही अपनी दुकानें बंद रखी और विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के कारण सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक एनएच 43 पर आवागमन प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था।
–
जिला व पुलिस प्रशासन ने ली बैठक
नाबालिग छात्राओं को भगाए जाने के बाद नागरिक आक्रोशित थे। लोगों का कहना था कि आरोपियों को रघुनाथपुर चौकी लाया जाए ताकि घटना को अंजाम देने वाले लोगों को बाकी लोग भी देख सके। लोगों का कहना था कि इस मामले में ऑटो चालक को बचाया जा रहा है जिसने इन छात्राओं को भगाने में मदद की थी। बुधवार को अपर कलेक्टर व एएसपी ने क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों की बैठक लेकर उनसे चर्चा की और दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया जिसके बाद स्थिति सामान्य हो पाई।
–
वर्सन
स्थिति नियंत्रण में
दो नाबालिग छात्राओं को फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए समय रहते दोनों छात्राओं को बरामद करने के साथ ही आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल अपहरण का मामला दर्ज कर घटना की जांच चल रही है। क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है और अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
-अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी, सरगुजा
00000

