इंडिया गठबंधन की महारैली, राहुल के साथ 15 सियासी दलों का दिखा ‘दम’

—राहुल बोले- देश में केवल पांच फीसदी को ही मिल रहा न्याय

–केंद्र पर साधा निशाना, यूबीटी और सपा समेत गठबंधन ने चलाए तीर

लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने के ठीक बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन रविवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में एक मेगा रैली आयोजित की। मुंबई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित महारैली में राहुल गांधी समेत 15 सियासी दलों के प्रमुख एक मंच पर आए। इस दौरान विपक्षी एकता ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मुंबई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि देश में 5 प्रतिशत लोगों को जस्टिस मिलता है। उनके लिए कोर्ट, सरकार और अन्य सभी संस्थाएं काम करती हैं। राहुल ने कहा कि अगर हम बाकी 90 फीसदी लोगों पर नजर डालें तो उनको न्याय नहीं मिल पाता है। राहुल ने कहा कि अगर भारत मोहब्बत का देश है तो नफरत क्यों फैलाई जा रही है? हम कहते हैं कि भाजपा नफरत फैलाती है लेकिन इस नफरत का एक आधार तो ज़रूर होगा। तो इस नफरत का आधार है अन्याय है। इस देश में हर दिन गरीबों, किसानों, दलितों, महिलाओं और युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। देश में चंद अरबपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ हो जाता है। लेकिन किसानों का एक रुपया माफ नहीं होता। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए हिंदुस्तान में वसूली चल रही है। कोई भी कुछ बोलता है तो ईडी, सीबीआई, आईटी उन्हें डराने पहुंच जाती है। राहुल ने कहा कि अडाणी को रेलवे, सड़क, सुरक्षा और बिजली, इन सभी सेक्टर से पैसा मिलता है। अडानी का मतलब नरेंद्र मोदी ही है। दोनों एक ही हैं। आप इन्हें ‘मोडानी’ भी कह सकते हैं।इसके अलावा राहुल ने कहा कि पीएम मोदी बोलते थे कि उन्हें देश से भ्रष्टाचार मिटाना है। फिर उन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड का पूरा ढांचा तैयार क्यों किया?

इस महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, संजय राउत, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन समेत इंडिया गठबंधन के तमाम नेता शामिल हुए।

न्याय संकल्प पदयात्रा

शिवाजी पार्क में इंडिया ब्लॉक की महारैली से पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’ की। गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन की यह महारैली भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद हुई है।

राहुल गांधी के नाम में गांधी, भाजपा इससे डरती है: महबूबा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर बोलते हुए पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आपके (राहुल गांधी) नाम में गांधी है और भाजपा इससे डरती है। आज, मैं ऐसा कर सकती हूं। यहां अलग-अलग विचारधारा वाले लोगों को देखें, मैं आपको बता दूं कि यह ‘भारत’ है। चुनाव शुरू होने के लिए बिल्कुल तैयार है; जनता के पास संविधान का सबसे शक्तिशाली हथियार है और वह है ‘वोट’…

आज नफरत फैलाई जा रही : तेजस्वी

इंडिया गठबंधन की मेगा रैली में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम राहुल गांधी का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने पूरे देश में यात्रा की और एक संदेश देने का काम किया है जो आज के दौर में बहुत जरूरी है। आज एक तरफ जहां नफरत फैलाई जा रही है, जहां संविधान और लोकतंत्र पर खतरा है। वहां राहुल गांधी ने सभी लोगों को जोड़ने के लिए, संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए, नफरत को हराने के लिए भारत जोड़ो यात्रा की, इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद करता हूं।

हमें जीतने के लिए लड़ना पड़ेगा: आप

महारैली में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब इंडिया गठबंधन की बात होनी शुरू हुई तो लोग कहते थे- ये कभी एक साथ नहीं होंगे। लेकिन आप देख लीजिए- सब एक साथ हैं। हमें जीतने के लिए लड़ना पड़ेगा। इसलिए मैं कहना चाहता हूं- ‘लड़ेंगे तो जीतेंगे’।

देश की परंपरा को बचाने का वक्त : अब्दुल्ला

जेकेएनसी प्रमुख और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि ये वो सरजमीं है, जिसने ऐसे नेता पैदा किए जिन्होंने अंग्रेजों को भगा दिया था। भारत गांवों में बसता है। राहुल गांधी जी ने उन लोगों को गले लगाया जिनमें देश बसता है, जिन्हें कोई गले नहीं लगाता। आज संविधान और देश की परंपरा को बचाने का वक्त आ गया है।

0000000000

प्रातिक्रिया दे