मोदी ने कहा- आइए, हम भारत पर सृजन करें, जिससे आपके साथ-साथ देश को भी ज्यादा ‘लाइक्स’ मिलें

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार किए प्रदान, ‘क्रिएट ऑन इंडिया मूवमेंट’ की शुरुआत

जया किशोरी, आरजे रौनक, मैथिली ठाकुर, मृणाल डबास सहित 23 हस्तियों को नेशनल क्रिएटर अवॉर्ड

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रौद्योगिकी के अलग-अलग माध्यमों से विभिन्न प्रकार की सामग्री सृजन करने वालों से ‘क्रिएट ऑन इंडिया मूवमेंट’ शुरू करने और भारत की संस्कृति, विरासत और परंपराओं पर दुनिया के साथ कहानियों को साझा करने का आग्रह किया। मोदी ने यहां भारत मंडपम में प्रथम राष्ट्रीय सर्जक यानि नेशनल क्रिएटर्स पुरस्कार प्रदान करने के बाद कहा आइए हम भारत के बारे में सृजन करें, दुनिया के लिए सृजन करें। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को शुभकामनाएं दी।

मोदी ने पुरस्कार प्रदान करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा आइए, हम भारत की अपनी कहानी सभी को बताएं। आइए हम भारत पर सृजन करें, विश्व के लिए सृजन करें। ऐसा ‘कंटेंट क्रिएट’ करें, जिससे आपके साथ-साथ देश को ज्यादा ‘लाइक्स’ मिलें। हमें इसके लिए वैश्विक दर्शकों को जोड़ना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा आइए, हम सब मिलकर ‘क्रिएट ऑन इंडिया मूवमेंट’ की शुरुआत करें। आइए, हम भारत से, भारत की संस्कृति, भारत की विरासत और परंपराओं से जुड़ी कहानियां पूरी दुनिया के साथ साझा करें। उन्होंने रचनाकारों से आग्रह किया कि वे ‘नारी शक्ति’ को अपने विषय-वस्तु का हिस्सा बनाएं। मोदी ने कहा कि रचनात्मकता गलत धारणाओं को भी ठीक कर सकती है।

इस बार चुनाव में भी सफाई होने वाली है

पीएम मोदी ने देश के पहले नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड्स में मल्हार कलांबे को स्वच्छता राजदूत पुरस्कार से सम्मानित किया। कलांबे ने कहा कि वो प्रधानमंत्री मोदी के साथ सफाई से संबंधित वीडियो बनाना चाहते हैं। इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि उनको मौका मिलेगा। इसके बाद उन्होंने लोकसभा इलेक्शन को लेकर तंज कसते हुए कहा कि ये हर प्रकार की सफाई में काम आ सकता है, इस चुनाव में भी सफाई होने वाली है।

1.5 लाख नॉमिनेशन, 23 का चयन

नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड्स 20 कैटेगरीज में दिए गए। इनके लिए करीब 1.5 लाख नॉमिनेशन मिले। वोटिंग राउंड के दौरान विनर्स का सिलेक्शन करने के लिए लगभग 10 लाख वोट डाले गए। इसके बाद तीन इंटरनेशनल क्रिएटर्स समेत 23 विजेताओं का चुनाव किया गया।

जया किशोरी, मैथिली, मृणाल सहित अन्य सम्मानित

प्रधानमंत्री मोदी ने कथावाचक जया किशोरी को बेस्ट क्रिएटर फॉर सोशल चेंज कैटेगरी और लोक गायिका मैथिली ठाकुर को कल्चरल एंबेसडर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया । मृणाल डबास को जैविक खेती के साथ यूट्यूबर कामिया जानी को भी सम्मानित किया गया। कीर्तिका गोविंदसामी को बेस्ट स्टोरीटेलिंग तथा यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया और आरजे रौनक सहित अन्य को भी सम्मानित किया।

अगली शिवरात्रि पर भी करूंगा कार्यक्रम

चुनाव नजदीक होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा मैं आपको गारंटी देता हूं कि यदि संभव हो तो अगली शिवरात्रि पर… मैं ऐसा ही एक कार्यक्रम करूंगा। दर्शकों द्वारा ‘अबकी बार 400 पार’ के नारे लगाए जाने के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मोदी की गारंटी नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की गारंटी है।

बदलते समय के साथ चलना होगा

मोदी ने कहा कि जब समय बदलता है, जब एक नये युग की शुरुआत होती है तो यह देश की जिम्मेदारी बन जाती है कि वह बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार कथा वाचन, सामाजिक बदलाव, पर्यावरणीय संवहनीयता और शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने का प्रयास है। इसका उद्देश्य सकारात्मक बदलाव के लिए रचनात्मकता को प्रोत्साहन देना है।

20 से ज्यादा कैटेगरी में दिए गए अवॉर्ड

यह अवॉर्ड 20 से अधिक कैटेगरी में दिए गए हैं। जिनमें बेस्ट स्टोरीटेलिंग से लेकर, सेलिब्रेटी क्रिएटर ऑफ द ईयर, ग्रीन चैम्पियन अवॉर्ड, बेस्ट क्रिएटर फॉर सोशल चेंज, मोस्ट इम्पैक्टफुल एग्री क्रिएटर, कल्चरल एंबेसेडर ऑफ द ईयर, इंटरनेशनल क्रिएटर अवॉर्ड, बेस्ट ट्रैवल क्रिएटर, स्वच्छ एंबेसेडर अवॉर्ड, द न्यू इंडिया चैम्पियन अवॉर्ड, टेक क्रिएटर अवॉर्ड, हेरिटेज फैशन आइकॉन अवॉर्ड, मोस्ट क्रिएटिव क्रिएटर (मेल एवं फीमेल), बेस्ट क्रिएटर इन फूड कैटेगरी, बेस्ट क्रिएटर इन एजुकेशन कैटेगरी, बेस्ट क्रिएटर इन गेमिंग कैटेगरी, बेस्ट माइक्रो क्रिएटर, बेस्ट नैनो क्रिएटर, बेस्ट हेल्थ एंड फिटनेस क्रिएटर कैटेगरी शामिल है।

पीएम मोदी ने मन की बात के 110वें एपिसोड में किया था जिक्र

नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के बारे में पीएम मोदी ने मन की बात के 110वें एपिसोड में बताया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि सरकार ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के टैलेंट का सम्मान करने के लिए नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड’ की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश के युवा जो कंटेंट तैयार कर रहे हैं उनकी आवाज आज बहुत प्रभावी हो गई है। मैं कंटेंट क्रिएटर्स से अपील करूंगा कि वे इसमें शामिल हों। अगर आप भी ऐसे दिलचस्प कंटेंट क्रिएटर्स को जानते हैं तो उन्हें नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट जरूर करें।

विजेताओं की पूरी लिस्ट

  • कल्चरल एंबेसेडर ऑफ द ईयर- मैथिली ठाकुर
  • सोशल चेंज अवॉर्ड कैटेगरी- जया किशोरी
  • बेस्ट इंटरनेशनल क्रिएटर- ड्रू हिक्स
  • बेस्ट स्टोरीटेलिंग क्रिएटर- कीर्तिका गोविंदसामी
  • बेस्ट हेल्थ एंड फिटनेस क्रिएटर- अंकित बैयनपुरिया
  • बेस्ट एजुकेशनल क्रिएटर- नमन देशमुख
  • बेस्ट टेक क्रिएटर- गौरव चौधरी
  • बेस्ट ट्रैवल क्रिएटर कैटेगरी- कामिया जानी
  • बेस्ट क्रिएटर इन फूड कैटेगरी – कबिता सिंह
  • मोस्ट क्रिएटिव क्रिएटर (मेल)- आरजे रौनक
  • मोस्ट क्रिएटिव क्रिएटर (फीमेल)- श्रद्धा
  • बेस्ट माइक्रो क्रिएटर अवॉर्ड- अरिंदामन
  • बेस्ट क्रिएटर इन गेमिंग कैटेगरी- निश्चय
  • हेरिटेज फैशल आइकॉन अवॉर्ड- जाह्वनी सिंह
  • स्वच्छता एंबेसेडर अवॉर्ड- मल्हार कलांबे
  • फेवरेट ग्रीन चैम्पियन अवॉर्ड- पंक्ति पांडेय

00000

प्रातिक्रिया दे