- कैरेबियाई देश हैती में फैली अराजकता
- लंबे समय से चल रही है हिंसा
- 72 घंटे का आपातकाल लगा दिया गया है पूरे देश में
(फोट : हैती)
पोर्ट अउ प्रिंस। कैरेबियाई देश हैती में लंबे समय से हिंसा चल रही है। रविवार रात यहां इतना उग्र प्रदर्शन हुआ कि जेलों के भी ताले टूट गए और करीब चार हजार खूंखार कैदी फरार हो गए। इन कैदियों में कई हत्यारे, किडनैपर और अपराधी शामिल हैं। वहीं पूरे देश में 72 घंटे का आपातकाल लगा दिया गया है। अब सरकार ने फरार लोगों को पकड़ने की घोषणा की है। बता दें कि हैती में कई कुख्यात गिरोह हैं जो कि हिंसा के लिए जिम्मेदार हैं। सशस्त्र गिरोहों ने देश के प्रमुख पोर्ट-औ-प्रिंस जेल पर हमला कर दिया, जिसमें कम से कम 12 लोग मारे गए और लगभग 4,000 कैदी भाग गए। सरकारी बयान में कहा गया कि दो जेलों -एक राजधानी में और दूसरी पास के क्रॉइक्स डेस बाउक्वेट्स में – पर वीकेंड में हमला किया गया।
खुले थे जेल के दरवाजे
रॉयटर्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि जब जेल पर हमला हुआ तो वहां कोई अधिकारी मौजूद ही नहीं था। इसके बाद पाया गया कि जेल के सारे दरवाजे खुले थे और कर्मचारी नदारद थे। वहीं हैती की सरकार का कहना है कि पुलिस कर्मियों ने उपद्रवियों को रोकने की कोशिश की और इस प्रयास में कई कर्मचारी घायल भी हो गए। गिरोहों के नेताओं का कहना है कि वे प्रधानमंत्री एरियल हेनरी के इस्तीफे पर दबाव डालना चाहते हैं, जो इस समय विदेश में हैं। पीएम को पद से हटाने का लक्ष्य रखने वाले ग्रुप्स का पोर्ट-ऑ-प्रिंस के लगभग 80% हिस्से पर कंट्रोल है।
हिंसा में लगातार इजाफा
हिंसा में बढ़ोतरी गुरुवार को शुरू हुई, जब प्रधानमंत्री ने केन्याई लीडरशिप वाले बहुराष्ट्रीय सुरक्षा बल को हैती में भेजने पर चर्चा करने के लिए नैरोबी की यात्रा की. गिरोह के नेता पूर्व पुलिस अधिकारी जिमी चेरिज़ियर (उपनाम ‘बारबेक्यू’) ने पीएम हटाने के लिए एक समन्वित हमले का ऐलान किया। हैती के पुलिस संघ ने सेना से राजधानी की मुख्य जेल की सुरक्षा मजबूत करने में मदद करने को कहा था, लेकिन शनिवार देर रात परिसर पर हमला कर दिया गया।
राष्ट्रपति मोइसे की हत्या
देश में राष्ट्रपति मोइसे की हत्या के बाद से हिंसा फैली हैं। जिसके बाद से राष्ट्रपति का पद खाली है। 2016 के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं। एक राजनीतिक समझौते के तहत, चुनाव होने थे और अनिर्वाचित हेनरी को 7 फरवरी तक पद छोड़ना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. हेनरी देश के एक्टिंग प्रेसिडेंट का पद भी संभाल रहे हैं। जनवरी में, संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि पिछले साल 8,400 से अधिक लोग हैती की सामूहिक हिंसा के शिकार हुए, जिनमें हत्याएं, चोटें और अपहरण शामिल हैं – जो 2022 में देखी गई संख्या से दोगुने से भी अधिक है।
000000000

