उद्धव सेना 20, कांग्रेस 18 तो राकांपा 10 सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार

-महाराष्ट्र में एमवीए का सीट-बंटवारा हो गया फाइनल

  • इससे पहले कांग्रेस और आप ने दिल्ली सहित 4 राज्यों में किया था सीट बंटवारा

-इंडिया गठबंधन के दलों में बन रही सहमति

(फोटो : एमवीए)

मुंबई। महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन के सदस्य आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए महाराष्ट्र में सीट-बंटवारे पर सहमत हो गए हैं। 48 घंटे में इसकी औपचारिक घोषणा होने की संभावना है। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली, गुजरात, गोवा और हरियाणा में सीट बंटवारे की घोषणा की थी। इसके तहत राष्ट्रीय राजधानी में आप चार और कांग्रेस तीन सीट पर चुनाव लड़ेगी। अब कांग्रेस की एमवीए के साथ भी सहमति बनती दिख रही है। एक न्यूज चैनल ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाला शिवसेना गुट महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 20 पर चुनाव लड़ेगा। वहीं कांग्रेस 18 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी इकाई अन्य 10 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) जैसे क्षेत्रीय दलों को सेना (यूबीटी) के हिस्से से दो सीटें मिलेंगी और एक स्वतंत्र उम्मीदवार, राजू शेट्टी को शरद पवार के हिस्से से टिकट मिलेगा।

मुंबई की 6 सीटें

सूत्रों ने यह भी कहा कि सेना (यूबीटी) मुंबई की छह लोकसभा सीटों में से चार पर चुनाव लड़ेगी, जिनमें से एक (मुंबई उत्तर पूर्व सीट) संभवतः वीबीए को दी जा सकती है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ घटक दलों के बीच पिछले कुछ दिनों के भीतर सीट बंटवारे से जुड़ी यह दूसरी महत्वपूर्ण खबर है। गत 21 फरवरी को उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का ऐलान किया गया था। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस 17 पर चुनाव लड़ रही है।

99999999

लालू-तेजस्वी को फिर झटका, एक और राजद विधायक टूटा

(फोटो : लालू)

बिहार में महागठबंधन के विधायकों की टूट जारी है। आरजेडी से एक और विधायक ने पाला बदलकर बीजेपी का दामन थाम लिया है। आरजेडी एमएलए भरत बिंद शुक्रवार को बिहार विधानसभा में सत्ता पक्ष की ओर जाकर बैठ गए। बीते 15 दिनों में आरजेडी से अब तक पांच विधायक पाला बदल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के भी दो विधायक बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। इस तरह महागठबंधन के कुल 7 विधायक अब तक टूट चुके हैं। बिहार विधानसभा में शुक्रवार को विधायी कार्य का अंतिम दिन था। दोपहर के बाद विधानसभा के अंदर सदन में गैर सरकारी संकल्प लिए जा रहे थे, इसी बीच आरजेडी के भभुआ विधायक भरत बिंद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और पूर्व मंत्री मुरारी गौतम के साथ सदन में पहुंचे। । सदन में मौजूद सदस्य कुछ समझते इसके पहले ही पास में बैठे विधायक नितिन नवीन ने इशारा कर यह बताने का प्रयास किया कि आरजेडी के और एक विधायक ने एनडीए का दामन थाम लिया है। हालांकि, बिंद कुछ ही देर बाद विधानसभा के अंदर स्थित उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कमरे में आकर बैठ गए।

7 विधायकों ने बदला पाला

बिहार में एनडीए की सरकार के गठन के बाद से अब तक महागठबंधन के कुल सात विधायक पाला बदल चुके हैं। 12 फरवरी को नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के बहुमत परीक्षण के समय आरजेडी के तीन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी। इसमें चेतन आनंद, नीलम देवी और प्रह्लाद यादव का नाम शामिल है। इसके बाद पिछले दिनों आरजेडी विधायक संगीता देवी भी बीजेपी में शामिल हो गईं। उनके साथ कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ सौरव और मुरारी गौतम ने भी पाला बदला। अब शुक्रवार को आरजेडी से एक और विधायक भरत बिंद ने पाला बदल दिया।

0000000000

प्रातिक्रिया दे