भारत बंद का दिखा गांवों पर असर

किसान आंदोलन: एक किसान की हार्ट अटैक से मौत,

चंडीगढ़। न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान नेताओं और केन्द्रीय मंत्रियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता बृहस्पतिवार को देर रात चलने के बावजूद बेनतीजा रही। अब दोनों पक्षों के बीच अगले दौर की बैठक रविवार को होगी। इस बीच किसान अभी भी पंजाब और हरियाणा की सीमाओं पर डटे हुए हैं। हालांकि उन्होंने वादा किया है कि वे रविवार तक शंभू बॉर्डर से आगे नहीं बढ़ेंगे। आज किसानों ने भारत बंद का ऐलान किया था जो बेअसर रहा।

गौरतलब है कि केन्द्रीय मंत्री मुंडा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित किसान संघों की विभिन्न मांगों पर जारी बातचीत में केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हुए। मान ने कहा कि किसान नेताओं और मंत्रियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। ज्ञात हो कि किसान नेताओं और तीन केंद्रीय मंत्रियों के बीच बृहस्पतिवार रात करीब 8:45 बजे बैठक शुरू हुई और पांच घंटे तक जारी रही लेकिन इसमें दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बनी। दोनों पक्षों के बीच अब चौथे दौर की वार्ता 18 फरवरी को होगी। इससे पहले आठ और 12 फरवरी को बातचीत हुई थी जो बेनतीजा रही।

देर रात बढ़ गया था तनाव

देर रात शंभू बॉर्डर पर तनाव बढ़ गया था। कुछ निहंग घग्गर के पुल पर बैरिकेड के पास जाकर पुलिसकर्मियों को ललकारने लगे। जब वे समझाने पर नहीं माने तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले और रबड़ बुलेट का प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया। निहंग सिख की पीठ में रबड़ की गोली लगी है। वह अस्पताल में उपचाराधीन है। भारत बंद के दौरान पंजाब, चंडीगढ़, अमृतसर सहित कुछ जगह मामूली झड़प हुईं हैं। वहीं शंभू बॉर्डर पर पथराव करने वाली भीड़ पर पुलिस ने अश्रुगैस के गोले छोड़े। किसान प्रदर्शन में आए एक किसान की हार्टअटैक से मौत हो गई।

बैठक सौहाद्रपूर्ण माहौल में हुई : अर्जुन मुंडा

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार और किसान नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक हुई और सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि रविवार शाम छह बजे होने वाली बैठक में हम साथ बैठ कर कोई हल निकाल लेंगे।

किसान नेताओं ने बैठक में दिखाए अश्रु गैस के गोले

केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक के दौरान किसान नेताओं ने विभिन्न नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट निलंबित करने पर आपत्ति जताई। सरवन सिंह पंधेर ने शंभू और खनौरी सीमाओं पर किसानों पर छोड़े गए आंसू गैस के गोले भी मंत्रियों को दिखाए। पंधेर ने कहा हम चाहते हैं कि सकारात्मक परिणाम निकले और किसी भी तरह की संघर्ष की स्थिति से बचा जाना चाहिए। अन्यथा दिल्ली जाने का हमारा कार्यक्रम पक्का है।

किसानों आड़ में उपद्रवी कर रहे पथराव-अंबाला पुलिस

अंबाला पुलिस ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा-किसान आन्दोलन की आड़ में उपद्रवियों द्वारा शम्भू बैरियर पर उत्पात मचाया जा रहा है। उपद्रवी पुलिस पर बार-बार पत्थरबाजी कर रहे हैं। इसमें पुलिस के 18 व पैरामिलिट्री के सात जवानों सहित कुल 25 जवान घायल हुए हैं।

हम मुद्दों के हल के लिए आगे बढ़ेंगे : अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसान संगठनों से अगली वार्ता के लिए रविवार का समय तय हुआ है। मुझे विश्वास है कि रविवार को भी अच्छे वातावरण में बातचीत होगी और इन मुद्दों के हल के लिए हम आगे बढ़ेंगे…कानून-व्यवस्था राज्य का विषय है, उन्हें अपने यहां कानून-व्यवस्था बनानी है। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रदर्शनकारी कोई हिंसा या तोड़फोड़ नहीं करेंगे।

डल्लेवाल बोले-केंद्र के साथ बातचीत जारी रहेगी

केंद्र और किसान यूनियनों के बीच गुरुवार को चंडीगढ़ में हुई चौथे दौर की बैठक के बारे में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि यह कहना सही नहीं है कि यह केंद्र और किसानों के बीच आखिरी बैठक है। वे चाहते हैं कि हम कहें कि हमने बातचीत खत्म कर दी। सरकार कहेगी कि वे बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहते हैं लेकिन किसान भाग नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कुछ दिनों का समय मांगा है। इस बीच, हमारा विरोध जारी रहेगा।

किसानों के साथ हूं पर शंभू बॉर्डर नहीं जाऊंगा : चढ़ूनी

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी पानीपत पहुंचे। गुरनाम सिंह ने कहा कि वे किसान आंदोलन का समर्थन करते हैं। प्रदेश के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को तीन घंटे पूरे प्रदेश में टोल फ्री कर दिया था। शनिवार को तहसील सत्र पर ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि वह शंभू बॉर्डर पर नहीं जाएंगे।

अश्रु गैस से एसआई व किसान की मौतशंभू बार्डर पर तैनात पानीपत के जीआरपी सब इंस्पेक्टर चुलकाना निवासी हीरालाल समालखा की अश्रु गैस के गोले के प्रभाव से मौत हो गई। वे जीआरपी चौकी में तैनात थे। वहीं प्रदर्शनकारी एक किसान गुरदासपुर के चाचोकी गांव निवासी सरदार ज्ञान सिंह (63) की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। किसानों का आरोप है कि अश्रु गैस के कारण किसान की मौत हुई है।

कैप्टन अमरिंदर, जाखड़ व ढिल्लों के घर का घेराव आज

भारतीय किसान यूनियन उगराहां ने पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, भाजपा पंजाब के अध्यक्ष सुनील जाखड़ और भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों के घरों को आज 17 फरवरी को घेरने का ऐलान किया है। संगठन के पंजाब अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने कहा कि जो किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, हम पूरी तरह से उनके समर्थन में हैं।

इन मांगों को लेकर किसान कर रहे आंदोलन

बता दें कि प्रदर्शनकारी किसान एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी के अलावा, किसान कृषकों के कल्याण के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, किसानों और खेत मजदूरों के लिए पेंशन तथा कर्ज माफी, लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों के लिए न्याय, भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 को बहाल करने और पिछले आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों के परिवारों को मुआवजा देने की भी मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस ने चंडीगढ़ में किया प्रदर्शन

पंजाब कांग्रेस ने भारत बंद के दौरान चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। पीसीसी प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में नेताओं ने हरियाणा भाजपा के कार्यालय के सामने नारे लगाए। इसके बाद पुलिस उन्हें वहां से उठाकर ले गई। इस दौरान बीएसएफ की एक टुकड़ी भी मौके पर तैनात रही। हरियाणा में किसानों ने कुरुक्षेत्र राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया।

400 से ज्यादा किसान निजी अस्पताल में भर्ती

पंजाब-हरियाणा की शंभू सीमा पर डटे किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि पुलिस के साथ झड़प में 400 से अधिक किसान घायल हुए हैं। करीब 70 किसान सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 400 से अधिक किसानों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार उनके खिलाफ पूरी ताकत लगा रही है और 70 यूट्यूब चैनल बंद कर दिए हैं।

00000

प्रातिक्रिया दे