कई स्थानों में पारा 45 पार, 5 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

राहत की उम्मीद नहीं

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में आसमान से ‘आग’ बरस रही है। यहां पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। इस बीच मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि देश के कुछ इलाकों में बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। अभी लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। लू जारी रह सकती है। वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा है कि कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाने पर विभाग की ओर से राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बारिश को लेकर भी जानकारी दी है। उनका कहना है कि मई के पहले हफ्ते में देश के कई हिस्सों में बारिश की भी संभावनाएं हैं।

46 डिग्री तक जा सकता है तापमान

दिल्ली में बुधवार को ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इस दौरान तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार और शुक्रवार को 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। धूलभरी आंधी भी चल सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ की कमी है कारक

उत्तर पश्चिमी भारत में मार्च के आखिरी हफ्ते से सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया है और मौसम विशेषज्ञ इसके लिए उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति को जिम्मेदार मान रहे हैं। अफगानिस्तान पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बादल छाए रहने से पिछले सप्ताह थोड़ी राहत मिली थी।

गर्मी से बचने की दी सलाह

विभाग चेतावनी के लिए चार रंगों के कोड का उपयोग करता है। इनमें हरा (कोई कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), पीला (नजर रखें और अद्यतन रहें), नारंगी (तैयार रहें) और लाल (कार्रवाई करें) शामिल हैं। आईएमडी ने कहा कि लू से प्रभावित इलाकों में कमजोर लोगों जैसे कि शिशुओं, बुजुर्गों, क्रमिक बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मध्यम स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इन क्षेत्रों के लोगों को गर्मी में निकलने से बचना चाहिए। हल्के रंग के, ढीले सूती कपड़े पहनने चाहिए और सिर पर कपड़े, टोपी या छाते से बचाव करना चाहिए।

प्रातिक्रिया दे