(फोटो : दानिश 1,2)
-भारत जोड़ो न्याय यात्रा का छठा दिन
-यात्रा में शामिल जयराम रमेश ने कहा, लोगों को यात्रा में शामिल होने से रोकने की हो रही कोशिशें
माजुली। लोकसभा चुनाव शुरू होने में कुछ ही महीने बचे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर से मुंबई तक 6,700 किलोमीटर से ज्यादा की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू कर दी है। शुक्रवार को उनकी यात्रा का छठा दिन है। यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को नाव से ब्रह्मपुत्र नदी पार की। उन्होंने जोरहाट के निमाती घाट से माजुली तक की दूरी तय की। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से भी मुलाकात की, उनकी समस्याओं को जाना। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम के माजुली पहुंच चुकी है। यहां पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा, ‘कोई नियम नहीं तोड़ा गया है। असम के सीएम लोगों को भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इस यात्रा को कोई नहीं रोक सकता। हम अगले सात दिन के लिए असम में हैं। उन्हें हमें गिरफ्तार करने दीजिए, हम चुनौती स्वीकार करते हैं।
यात्रा को अच्छा रिस्पांस
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘यह यात्रा उन्हें (हिमंत बिस्व सरमा) असम के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री के रूप में बेनकाब करेगी। इसको लेकर वह पूरी तरह से डरे हुए हैं। यात्रा को मिले अच्छे रिस्पांस, स्वागत से भी उनको डर सता रहा है।’ मुख्यमंत्री की मियां यात्रा टिप्पणी पर वेणुगोपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री असम के लोगों का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान माजुली में श्री श्री औनियाती सत्र में प्रार्थना की।
0000
भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने पर टीएमसी का रुख स्पष्ट नहीं
राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ असम के बाद 25 जनवरी को पश्चिम बंगाल पहुंचेगी। राहुल की इस यात्रा में तृणमूल कांग्रेस के शामिल होने की पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। दरअसल, इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे की खींचतान के बीच टीएमसी अपना रुख स्पष्ट नहीं कर पाई है। मौजूदा समय में भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम में जारी है। 25 जनवरी को यह बंगाल पहुंचेगी। 27 जनवरी को बिहार जाने से पहले यह यात्रा जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दार्जिलिंग से होकर गुजरेगी। 31 जनवरी को बंगाल से रवाना होने से पहले राहुल मालदा और मुर्शिदाबाद की यात्रा करेंगे। बता दें कि इन दोनों स्थानों पर ही कांग्रेस की मजबूत पकड़ है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा से जुड़ने के सवाल पर एक वरिष्ठ टीएमसी नेता ने कहा, ‘इस मार्च में हिस्सा लेने पर फैसला होना अभी बाकी है। कांग्रेस की तरफ से कोई औपचारिक निमंत्रण भी नहीं मिला है। जैसे ही हमें निमंत्रण मिलेगा हम अपने निर्णय की घोषणा करेंगे।’ मुर्शिदाबाद में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी आज शाम को संगठनात्मक बैठक के दौरान इस मामले पर अपनी राय दे सकती है। ममता बनर्जी समेत कई टीएमसी नेताओं ने कहा है कि बंगाल में केवल उनकी पार्टी ही भाजपा से मुकाबला कर रही है। पार्टी प्रवक्ता कुंतल घोष ने कहा, ‘यह ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ही है, जिसने 2021 में बंगाल में साबित कर दिया कि भाजपा को हराया जा सकता है।’ राज्य में वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने कहा कि टीएमसी को इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए, क्योंकि इससे इंडिया गठबंधन के पक्ष में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा,’अब टीएमसी को तय करना चाहिए कि उन्हें क्या करना है।’
000
000

