—चार की हत्या, खुदकुशी की कोशिश नाकाम
- मौत की नींद से पहले मासूम बच्चों ने केक काटकर नए साल का किया था स्वागत
- मस्तूरी क्षेत्र के हिर्री में हुई वारदात, आरोपी पति ने थाने में किया सरेंडर
—
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के हिर्री में दिलदहला देने वाली वारदात हुई है। चरित्रशंका पर दो दिन पहले झारखंड से योजना बनाकर लौटे पति ने पत्नी व तीन बच्चों की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और फांसी लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। फंदा टूट जाने पर कीटनाशक खोजा, नहीं मिलने पर उसने थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मस्तूरी पुलिस के अनुसार, हिर्री निवासी उमेंद्र केंवट 34 साल रोजी मजदूरी का काम करता है। वह अपनी पत्नी सुकरिता 28 साल के चरित्र पर शंका करता था। सोमवार की रात वह घर आया और सो रही पत्नी सुकरिता को बातों में उलझा कर घर के पीछे ले गया और उसके गले में नायलोन की रस्सी फंसा कर जमीन में गिरा दिया और गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद कमरे में आकर सो रही 8 साल की खुशी, 4 साल की निशा और 2 साल के पवन का एक एक कर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद उसने म्यार में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, किन्तु रस्सी टूट जाने से वह बच गया। उसके बाद उसने कमरे में कीटनाशक खोजा, नहीं मिलने पर पीछे के दरवाजे से निकल गया।
–
थाने में किया आत्मसमर्पण
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उमेंद्र केंवट मंगलवार की सुबह 4 बजे मस्तूरी थाने आया और बाहर बैठ गया। सुबह 4 बजे गश्त कर पेट्रोलिंग पार्टी थाने पहुंची। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो उसने पत्नी सहित तीन बच्चों की हत्या करना बताया। चार लोगों की हत्या से पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। आनन फानन में उसे उसके घर लेकर गए तो पीछे उसकी पत्नी व अंदर कमरे में खाट पर तीनों बच्चों के शव पड़े हुए थे। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अर्चना झा, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
–
2 दिन पहले बाहर से आया
आरोपी उमेंद्र केंवट कमाने खाने के लिए झारखंड गया था। 2 दिन पहले घर लौटा था। वह पहले से अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका कर विवाद करता रहता था। इस बार वह झारखंड से पत्नी व बच्चों की हत्या कर खुदकुशी करने की योजना बनाकर घर लौटा था।
–
शाम को बच्चों ने मनाई थी नए साल की पार्टी
तीनों बच्चों ने अपने दादा-दादी, चाचा के बच्चों के साथ 1 जनवरी की शाम घर के आंगन में केक काटकर नए साल की पार्टी मनाई। उसके बाद भोजन के बाद सो गए थे। देर रात उसके पिता ने उन्हें हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।
–
पुलिस आने पर घरवालों को जानकारी हुई
आरोपी रात में वारदात को अंजाम देने के बाद पीछे के रास्ते से थाने चला गया था। घर में सो रहे उसके माता-पिता व छोटे भाई के परिवार के सदस्यों को जघन्य वारदात की भनक तक नहीं लगी। सुबह पुलिस उमेंद्र को लेकर घर आई तब घर के सदस्यों को हत्या की जानकारी हुई।
–
चरित्रशंका पर की हत्या
चरित्रशंका पर पति उमेंद्र ने पत्नी सहित तीन बच्चों की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और खुदकुशी करने की कोशिश, किन्तु वह बच गया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-अर्चना झा, एडीशनल एसपी ग्रामीण
00000

