‘गरीबों-महिलाओं के लिए पिछले 10 सालों में हुआ बहुत काम

  • खूंटी में बोले प्रधानमंत्री मोदी

खूंटी। झारखंड के खूंटी में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा ‘आज का दिन बेहद भाग्यशाली है। मैं अभी भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु से लौटा हूं। इस दौरान उनके परिजनों से सुखद मुलाकात हुई। मुझे भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क और म्यूजियम जाने का भी मौका मिला। दो साल पहले मुझे इस म्यूजियम को देशवासियों को समर्पित करने का अवसर मिला था। जनजातीय गौरव दिवस पर मैं सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हैं।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर हम चाहते हैं कि अगले 25 सालों के अमृत काल में भारत विकसित राष्ट्र बने तो हमें चार अमृत स्तंभों को मजबूत करने की जरूरत है। इनमें एक है महिलाओं का सशक्तिकरण, किसानों, युवाओं, नए मध्यम वर्ग और गरीब लोगों का विकास। इन वर्गों के विकास के लिए बीते 10 सालों में जितना काम किया गया है, उतना कभी नहीं किया गया।

बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को झारखंड की राजधानी रांची में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। प्रधानमंत्री सुबह रांची स्थित भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क और स्वतंत्रता सेनानी म्यूजियम पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ सीएम हेमंत सोरेन, केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा और झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे। पीएम मोदी दो दिन के झारखंड दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को झारखंड पहुंचे थे और उन्होंने मंगलवार रात रांची में एक रोड शो किया। बुधवार सुबह भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के बाद पीएम मोदी भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थान खूंटी पहुंचे, जहां वह 24 हजार करोड़ रुपये की जनकल्याणकारी योजनाओं का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी खूंटी जिले में भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थान उलिहातु गांव भी गए और तीसरे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम में भी शिरकत की।

24 हजार करोड़ रुपये की दी सौगात

प्रधानमंत्री मोदी ने 24 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की, उनका फोकस विशेष रूप से कमजोर जनजातीय वर्ग पर है। पीएम मोदी ने झारखंड से ही ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ की शुरुआत की। साथ ही उन्होंने राज्य में 7200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।

00

प्रातिक्रिया दे