कांग्रेस का मतलब विनाश और भ्रष्टाचार, भाजपा का मतलब विकास, सुशासन : शाह

–साजा और कोरबा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की चुनावी आमसभा


कोरबा/साजा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने डा. रमन के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाया। राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बना दीजिए, हम राज्य को शिक्षा का हब बनाएंगे, एक लाख युवाओं को रोजगार देंगे। भाजपा सरकार घोटाला करने वालों को उल्टा लटका कर सीधा करेगी, कोई नहीं बचेगा। प्रदेश में सीआईटी बनाएंगे। कांग्रेस ने शराब बंदी नहीं की, बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया। इस सरकार ने मंडी टैक्स बढ़ा दिया, पेंशन नहीं दिया, प्रति वर्ष 4 सिलेंडर देना था वह भी नहीं दिया यह सब भाजपा देगी।

श्री शाह ने बुधवार को साजा और कोरबा के घंटाघर ओपन थियेटर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। वे कांग्रेस पर जमकर बरसे और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हाथियों के हमले से मौत पर 7 लाख 50 हजार की अनुग्रह राशि देगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश को सुरक्षित किया, रोहिंग्या घुसपैठ पर रोक लगाई। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर सरकार बना दो, नक्सलवाद को हमेशा के लिए समाप्त कर देंगे। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भूपेश कका के राज में आए दिन माताओं बहनों के साथ अन्याय और अत्याचार होता रहा है। हमने गारंटी दी है कि कमल की सरकार बनने पर महतारी वंदन योजना के तहत हर माता बहन को 12 हजार रुपया प्रति माह दिया जाएगा। भूपेश काका को मालूम है कि वे आने वाले नहीं हैं, इसलिए उन्होंने कुछ ज्यादा देने की घोषणा कर दी लेकिन जिनकी खुद की कोई गारंटी ना हो उसकी गारंटी को भला कौन मानेगा? इस चुनाव में एक तरफ भाजपा है और दूसरी तरफ कांग्रेस है। कांग्रेस का मतलब है विनाश, भ्रष्टाचार, अत्याचार और आपके हकों पर डाका डालना। भाजपा का मतलब है विकास, तरक्की, लोगों की सरकार, विकास की सरकार, महिला सशक्तिकरण करने वाली सरकार, किसानों के हितों की रक्षा करने वाली सरकार और अनुसूचित जनजाति के भाइयों-बहनों को मुख्यधारा में खड़ा करने वाली सरकार। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने प्रदेश में घोटाले पर घोटाला किया है। हजारों करोड़ के घोटाले करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। यहां तक कि गोबर घोटाला करने का काम भी इन्होंने किया है। जो वादा किया था कांग्रेस सरकार ने नहीं निभाया है।

इस बार तीन दिवाली

श्री शाह ने कहा कि इस बार तीन बार दिवाली मनाएंगे। एक दिवाली आप मना चुके हैं। दूसरी दिवाली 3 दिसंबर को अपने प्रत्याशी की जीत और भाजपा की सरकार बनने पर मनाएंगे। तीसरी दिवाली 22 जनवरी को रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा पर मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आप सबको प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही अयोध्या की बारी-बारी नि:शुल्क यात्रा भी कराई जाएगी।

भाजपा प्रत्याशी के लिए मांगा वोट

इस दौरान उन्होंने सभा में उपस्थित जनसमुदाय को कोरबा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी लखन लाल देवांगन को विजयी बनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान रामपुर से भाजपा प्रत्याशी ननकीराम कंवर गोपाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, विकास महतो, अशोक चावलानी सहित अन्य भाजपा नेता व पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0000

प्रातिक्रिया दे