नड्डा ने कहा- कांग्रेस पार्टी लूट भ्रष्टाचार, परिवारवाद का पर्याय

भाजपा अध्यक्ष की छाल में जनसभा, लैलूंगा में रोड शो

रायगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि यह पार्टी लूट, अत्याचार, भ्रष्टाचार और परिवारवाद का पर्याय है। छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि राज्य में भूपेश बघेल सरकार लूट और धोखे की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, भारत 2027-28 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने रायगढ़ व जशपुर जिले में चुनाव प्रचार किया। रायगढ़ के जिंदल हेलिपेड पर उतरकर सड़क मार्ग से पहले पत्थलगांव, फिर लैलूंगा और धरमजयगढ़ पहुंचकर तीन सभाओं को संबोधित किया। चुनावी प्रचार में पत्थलगांव से राजपुर रोड शो के बाद लैलूंगा जनसभा को संबोधित किया तथा इसके बाद अपरान्ह 4 बजे धरमजयगढ़ के छाल नवापारा में विशाल जनसभा को संबोधित किया।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के धरमजयगढ़ विधानसभा प्रत्याशी हरिश्चन्द्र राठिया के समर्थन में आम सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की सरकार पर तीखा हमला बोला। श्री नड्डा ने कहा, कांग्रेस पार्टी का मतलब-लूट, भ्रष्टाचार, अत्याचार, धोखा, विनाशकारी नीति, परिवारवाद और वंशवाद है। जहां भी कांग्रेस होगी, वहां भ्रष्टाचार होगा। अपनी पार्टी की सराहना करते हुए नड्डा ने कहा, भाजपा का मतलब विकास, संवृद्धि और लोगों का कल्याण है। नड्डा ने कहा, हमें आपकी परवाह है, लेकिन उन्हें भ्रष्टाचार और लूट की परवाह है। आपको पनडुब्बी घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला, कोयला घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला, मनरेगा घोटाला याद होगा। उन्होंने राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए कहा, भूपेश बघेल की सरकार धोखा और भ्रष्टाचार की गारंटी है। राज्य में शराब घोटाला, डीएमएफ घोटाला, शिक्षक स्थानांतरण घोटाला, चावल घोटाला और गौठान घोटाला हुआ।

कांग्रेस ने जल, थल और नभ तीनों को लूटा

केंद्र की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी भाजपा अध्यक्ष ने जमकर निशाना साधा। श्री नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने जल, थल और नभ तीनों को लूटा। कांग्रेस ने पनडुब्बी, हेलीकॉप्टर और कोयला जैसे घोटाला किए। देश में मोदी के कार्यकाल में हुए प्रगति को बताते हुए उन्होंने कहा कि आज देश अर्थब्यवस्था में 5वें स्थान में आ गया है। दवाई में 138 गुना बढ़ोतरी कर सबसे सस्ती व अच्छी दवा के साथ 90 हजार करोड़ का व्यापार हो गया है।

000

प्रातिक्रिया दे