पेंड्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
पेंड्रा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पेंड्रा ने रविवार को हाईस्कूल मैदान में आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने मरवाही के भाजपा प्रत्याशी प्रणव मरपच्ची और कोटा प्रत्याशी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के पक्ष में माहौल बनाते हुए जनसमूह से भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा जीतती है तो विकास की गारंटी है और कांग्रेस जीतती है घोटाले की गारंटी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने उद्बोधन में बिलासपुर से सांसद रहे स्व. दिलीप सिंह जूदेव को याद किया। उन्होंने नारायणपुर में बीजेपी के कार्यकर्ता रत्न दुबे की नक्सलियों द्वारा हत्या किए जाने पर दुख जताते हुए मंच से उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनावी सभा के दौरान प्रदेश के कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सरकार होगी वहां भ्रष्टाचार और अत्याचार होगा, इसलिए अब इस अत्याचार को न सहें, अब इस सरकार को बदलना जरूरी है। जेपी नड्डा ने बीजेपी के चुनावी घोषणा पत्र को बताते हुए किसान, महिला, युवा वर्ग को साधने की कोशिश की। साथ ही आवास के मुद्दे पर भी प्रदेश के सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की विदाई सुनिश्चित है। छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार भ्र्ष्टाचार और घोटाले में डूबी हुई है। भ्र्ष्टाचार ओर कांग्रेस एक सिक्के के दो पहलू हैं। चाहे वह शराब घोटाला हो, कोल घोटाला हो, भर्ती घोटाला हो, महादेव सट्टा हो सभी में कांग्रेस के लोग शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महादेव सट्टा एप्स को लेकर ईडी के खुलासे के बाद भूपेश सरकार को एक बार फिर जमकर घेरा है और 508 करोड़ रुपए घोटाले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका उपयोग चुनाव लड़ने में किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह सिंहदेव, जिला भाजपा प्रभारी डॉ. जयप्रकाश शर्मा, पवन गर्ग, संजय अग्रवाल, रामदेव कुमावत, संदीप जायसवाल, हर्ष छाबरिया, राकेश चतुर्वेदी, अंकुर गुप्ता सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
00

