-विजयदशमी पर राजनाथ सिंह ने तवांग मे किया शस्त्र पूजन
तवांग। देशभर में मंगलवार को विजयदशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसी दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारतीय सेना के जवानों के बीच अरुणाचल प्रदेश के तवांग पहुंचे। यहां उन्होंने तवांग युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी, साथ ही सभी को विजयादशमी के अवसर पर शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि जिन कठिन परिस्थितियों में आप लोग देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसके कारण देश को आप पर नाज है।
रक्षा मंत्री का शस्त्र पूजन
तवांग पहुंचे रक्षा मंत्री दशहरे के मौके पर आयोजित विशेष प्रार्थना में शामिल हुए। साथ ही उन्होंने शस्त्र पूजन भी किया। रक्षा मंत्री ने तवांग युद्ध स्मारक पर देश के लिए शहादत देने वालों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर सैन्य अधिकारियों ने उन्हें सीमा पर मौजूदा हालात की भी जानकारी दी। रक्षा मंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के बम ला बॉर्डर से सीमा की दूसरी तरफ स्थित चीनी चौकियों का विश्लेषण किया।
जवानों की हौसला अफजाई
तवांग में जवानों से बातचीत करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आपने सीमाओं को सुरक्षित रखा है, इसीलिए दुनिया के सामने भारत का कद तेजी से बढ़ रहा है। सभी विकसित देश इस हकीकत को स्वीकार करते हैं कि पिछले 8-9 वर्षों में भारत का कद बढ़ा है। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहूंगा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अगर भारत का कद बढ़ा है, भारत ने आर्थिक विकास किया है, ये वाकई महत्वपूर्ण है लेकिन अगर आपने देश की सीमा को सुरक्षित नहीं रखा होता तो ये कद संभव नहीं हो पाता।
बड़ी संख्या में सैनिकों और हथियारों की तैनाती
भारत कहता रहा है कि सीमावर्ती इलाकों में शांति नहीं होने तक चीन के साथ उसके संबंध सामान्य नहीं हो सकते हैं। पूर्वी लद्दाख में गतिरोध के बाद सेना ने सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के सेक्टरों सहित लगभग 3,500 किमी लंबी एलएसी पर बड़ी संख्या में सैनिकों और हथियारों की तैनाती की है।
000

