हॉकी में लौटा भारत का ‘स्वर्णिम युग’, एशियाड में जीता स्वर्ण पदक

पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई

5-1 से गत चैंपियन जापान को रौंदा

9 साल बाद एशियाड में जीते स्वर्ण

3 गोल्ड हॉकी में ओवरऑल

13वां कुल गोल हरमनप्रीत ने दागा

हांगझोउ। राष्ट्रीय खेल हॉकी में भारत का स्वर्णिम युग लौट आया है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गत चैंपियन जापान को एकतरफा फाइनल में 5-1 से हराकर नौ साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता और पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने पिछली बार 2014 में इंचियोन खेलों में स्वर्ण पदक जीता था जबकि पिछली बार जकार्ता में टीम को कांस्य से संतोष करना पड़ा था। भारत ने हॉकी में इससे पहले 1966 और 1998 में बैंकाक में स्वर्ण पदक जीता था।

0 जीत के हीरो

भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह (32वां और 59वां मिनट), अभिषेक (48वां मिनट), अमित रोहिदास (36वां) और मनप्रीत सिंह (25वां) ने गोल किए। जापान के लिए एकमात्र गोल सेरेन तनाका ने 51वें मिनट में दागा। हरमनप्रीत ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 13 गोल किए जबकि मनदीप सिंह ने 12 गोल दागे ।

0 भारत के पहली बार 100 पदक पक्के

‘अबकी बार सौ पार’ के मंत्र के साथ एशियाई खेलों में उतरे भारतीय दल ने शुक्रवार को पुरुष हॉकी टीम के स्वर्ण, कुश्ती में तीन पदक, सेपकटकरॉ में ऐतिहासिक कांस्य के साथ 95 पदक अपनी झोली में डाल लिए। भारत के कबड्डी (दो), तीरंदाजी (तीन), हॉकी (एक), बैडमिंटन (एक) और क्रिकेट (एक) में कुल छह पदक पक्के हैं। इनकी स्पर्धाएं होने के बाद भारत शनिवार को पहली बार एशियाई खेलों के इतिहास में सौ पदक पार कर लेगा। भारत ने पिछली बार जकार्ता में सर्वाधिक 70 पदक जीते थे जिसमें 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य थे।

0 13वें दिन जीते 9 पदक

स्पर्धा पदक

तीरंदाजी (महिला रिकर्व टीम) ब्रॉन्ज

एचएस प्रणॉय (बैडमिंटन) ब्रॉन्ज

सेपक टकरा (मह‍िला) ब्रॉन्ज

मेन्स रिकर्व (तीरंदाजी) स‍िल्वर

सोनम मलिक (रेसलिंग) ब्रॉन्ज

किरण बिश्नोई (रेसलिंग) ब्रॉन्ज

अमन सहरावत (रेसलिंग) ब्रॉन्ज

मेन्स टीम (ब्रिज) सिल्वर

मेन्स हॉकी टीम गोल्ड

0 अब तक जीते 95 पदक

भारत ने एशियाई खेलों के 13वें दिन शुक्रवार को नौ पदक जीते। इसके साथ ही भारत के पदकों की संख्या 22 स्वर्ण, 34 रजत और 39 कांस्य पदकों की संख्या 95 हो गई है। भारत तालिका में चौथे स्थान पर है। चीन 187 स्वर्ण सहित 353 पदकों के साथ शीर्ष पर है।

000

प्रातिक्रिया दे