पंजाब में आप, कांग्रेस में टकराव, केजरीवाल बोले- हमारी पार्टी इंडिया एलायंस के साथ

  • पंजाब में कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी से मचा बवाल

नई दिल्ली। पंजाब पुलिस ने 2015 के ड्रग्स मामले में कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी के बाद पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार और कांग्रेस के बीच टकराव होने की खबरें सामने आने लगीं। दोनों ही दल विपक्षी गठबंधन इंडिया का हिस्सा हैं। वहीं, अब इस मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उनकी पार्टी इंडिया अलायंस के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इंडिया अलायंस के प्रधानमंत्री चेहरे को लेकर भी बात की। दिल्ली में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अरविंद केजरीवाल से कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी पर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि मुझे पता चला है कि पंजाब पुलिस ने कल किसी कांग्रेसी नेता को गिरफ्तार किया है। मेरे पास इसकी जानकारी नहीं है। इस बारे में पंजाब पुलिस ही बता पाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में हमने नशे के खिलाफ जंग छेड़ी हुई है। मैं किसी व्यक्तिगत मामले या व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा। लेकिन नशे को खत्म करने के लिए हम लोग पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

‘आम आदमी पार्टी इंडिया अलायंस के साथ’

दरअसल, पंजाब में कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया कि कहीं इसकी वजह से आप और कांग्रेस के बीच इंडिया अलायंस में दरार न पैदा हो जाए। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार और पहले भी कांग्रेस से कई मुद्दों पर पार्टी का टकराव हो चुका है। यही वजह है कि केजरीवाल ने टकराव की बातों को दरकिनार करते हुए कहा आम आदमी पार्टी इंडिया एलायंस के साथ है। हम लोग इंडिया एलायंस को निभाने वाले हैं। लेकिन हम पंजाब से नशा भी खत्म करना चाहते हैं।

99999

‘इंडिया के सहयोगी दलों के बीच मतभेद से इंकार नहीं : पवार

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले यह सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरतेगा कि इसके सहयोगी साझेदारों के बीच कोई विवाद न हो। इन राज्यों में राजस्थान और मध्य प्रदेश भी शामिल हैं, जहां कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पवार ने बारामती में पत्रकारों से मराठा आरक्षण और प्याज पर निर्यात शुल्क जैसे मुद्दों पर भी बात की। पवार ने पश्चिम बंगाल में स्पष्ट टकराव के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वहां निकट भविष्य में अभी कोई चुनाव नहीं है। दरअसल, कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में कुछ सीटों पर दावा जताया है। उन्होंने कहा, ‘‘जब चुनाव नजदीक हों तो ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच मतभेदों से इंकार नहीं किया जा सकता. हालांकि, हम गठबंधन से निष्पक्ष नेताओं को भेजकर मुद्दों को हल कर लेंगे।

साझेदारों में न हो विवाद, बरतेंगे एहतियात

पवार ने कहा कि कुछ महीनों में चार से पांच राज्यों में चुनाव होने हैं और उनके लिए यह ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘‘विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ तय करेगा कि राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में गठबंधन के सहयोगी दल कैसे मिलकर काम करते हैं। मुंबई लौटने के बाद, मैं कांग्रेस और अन्य दलों के नेताओं से बातचीत करूंगा और हम यह सुनिश्चित करने के लिए एहतियात बरतेंगे कि इन राज्यों में गठबंधन के साझेदारों के बीच कोई विवाद न हो.’’ एनसीपी प्रमुख ने कहा कि यह प्रक्रिया अगले आठ से 10 दिन में शुरू होगी।

00000

प्रातिक्रिया दे