-ढाई घंटे तक भटकती रही किसी ने नहीं की मदद
(फोटो : रेप)
इंदौर। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में दिल्ली के निर्भया कांड की तरह मामला सामने आया है। दुष्कर्म के बाद नाबालिग के प्राइवेट पार्ट्स को नुकसान पहुंचाया गया। दुष्कर्म के बाद बदमाशों ने नाबालिग को अर्द्धनग्न अवस्था में छोड़ दिया। वह ढाई घंटे तक बड़नगर रोड स्थित मुरलीपुरा इलाके में घर-घर गई लेकिन किसी ने मदद नहीं की। लड़की की उम्र 12 साल बताई जा रही है वह प्रयागराज की रहने वाली है। वह उज्जैन कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है। जांच के लिए एसआईटी बना दी गई है।
सोमवार की है घटना
महाकाल थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग मुरलीपुरा क्षेत्र में अर्द्धनग्न हालत में घूम रही है। उसे तत्काल थाने लाया गया। वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी। उसका मेडिकल कराया तो पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। डॉक्टर के मुताबिक उसके प्राइवेट पार्ट्स में भी गंभीर चोटें थीं। उसे तत्काल उपचार के लिए इंदौर भेज दिया गया था। जब नाबालिग से घटना के बारे में जानने का प्रयास किया तो उसकी भाषा स्पष्ट नहीं हो रही थी। हालत इतने खराब थे कि पुलिस उससे सही तरीके से पूछताछ भी नहीं कर सकी।
000

