ट्रेन में सात यात्रियों पर हमला कर लूटा सामान

संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस में वारदात

लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस में लुटेरों ने कम से कम सात यात्रियों पर हमला कर 76,000 रुपए मूल्य का सामान लूट लिया। रेलवे के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के धनबाद मंडल के तहत लातेहार और बरवाडीह स्टेशनों के बीच शनिवार मध्य रात्रि के आसपास हुई। एक यात्री ने दावा किया कि करीब 10-12 लुटेरे लातेहार स्टेशन पर ट्रेन में सवार हुए और छीपादोहर स्टेशन के पास हवा में गोली चलाकर कर यात्रियों को धमकाया। उन्होंने कहा, कई यात्रियों को लुटेरों ने पीटा। धनबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमरेश कुमार ने बताया, यह घटना एस-9 डिब्बे में हुई।

यात्रियों को आई चोटें

सात यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि 13 यात्रियों का 75,800 रुपए मूल्रू का सामान लूट लिया गया। रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। करीब आठ मोबाइल फोन भी लूट लिए गए। उनमें से चार सुबह तक चालू हालत में थे। हमारी तकनीकी टीम उनकी मौजूदगी के स्थानों का पता लगा रही है।

यात्रियों ने किया हंगामा

ट्रेन के डालटनगंज स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों ने लूट के विरोध में हंगामा किया। ट्रेन करीब दो घंटे तक वहां रुकी रही। डालटनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) राजेश कुमार शाह भी बीती रात स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

000

मुठभेड़ में घायल पांच लाख की इनामी नक्सली की मौत

हरिभूमि न्यूज : दंतेवाड़ा

विगत 20 सितंबर के दरम्यानी रात्रि में जिला सुकमा एवं दंतेवाड़ा के सरहदी क्षेत्र थाना अरनपुर के ग्राम छोटेहिड़मा के जंगल में मुठभेड़ पश्चात घटनास्थल का सघन सर्च करने पर घटना स्थल से 2 महिला माओवादियों का शव एवं हथियार बरामद किया गया था। उक्त मुठभेड़ में दरभा डिवीजन के कई माओवादी घायल हुए थे। जिसमें केरलापाल एरिया कमेटी सदस्या, एरिया सीएनएम कमाण्डर कुमारी एर्रे उर्फ दिरदो सपना निवासी पलिया थाना गादीरास जिला सुकमा की मुठभेड़ में मृत्यु की सूचना है। छग शासन के इनाम पॉलिसी के तहत केरलापाल एरिया कमेटी सदस्या, एरिया सीएनएम कमाण्डर कुमारी एर्रे पर 5 लाख का इनाम घोषित है।

000

प्रातिक्रिया दे