राम नगरी में जिसने जन्म लिया, वही होगा मुख्य पुजारी

— राम मंदिर अयोध्या के मुख्य पुजारी को लेकर मानक तय

अयाेध्या। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है। राम मंदिर परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी यूपी एसएसएफ को दे दी गई है। इस बीच राम मंदिर का मुख्य पुजारी कौन होगा, इसकी भी घोषणा कर दी गई है। बताया गया कि मुख्य पुजारी अयोध्या का ही रहने वाला होगा।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट रामलला के मुख्य पुजारियों के लिए कई मानक तय किए हैं। इसमें बताया गया कि राम मंदिर का मुख्य पुजारी वही होगा, जिसका जन्म राम नगरी अयोध्या में ही हुआ है। बताया गया कि नवनिर्मित मंदिर के गर्भगृह में स्थापना के लिए रामलला की 3 भव्य मूर्तियां बनाई जा रही हैं। तीनों मूर्तियों में जो सबसे अच्छी होंगी वह स्थापित की जाएंगी, साथ ही फैसला लिया गया कि रामलला की मूर्ति के अलावा कोई अन्य मूर्ति नहीं स्थापित की जाएगी।

बैठक में लिया गया निर्णय

दरअसल, राम मंदिर निर्माण को लेकर निर्माण समिति हर महीने बैठक करती है। सितंबर माह की बैठक में 22 जनवरी 2024 को होने वाली रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में ही राम मंदिर के मुख्य पुजारी का भी ऐलान कर दिया गया।

राम वन गमन पथ पर लगेंगे 290 शिलालेख

मंदिर निर्माण के साथ ही भगवान राम के जीवन से जुड़े स्थानों को भी पहचान दी जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए अशोक सिंघल फाउंडेशन ने योजना तैयार की है। राम मंदिर आंदोलन के नायक रहे स्वर्गीय अशोक सिंघल के नाम से बनी यह संस्था अयोध्या से रामेश्वरम तक के राम वन गमन मार्ग पर 290 शिलालेख स्थापित करेगा। इसकी शुरुआत उनके जन्मदिन 27 सितंबर को अयोध्या के पौराणिक महत्व के स्थल मणिपर्वत से होगी। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने यह जानकारी दी, जो अशोक सिंघल फाउंडेशन के ट्रस्टी भी हैं।

राम मंदिर के उद्घाटन से पहले ही शुरू होगा एयरपोर्ट

अयोध्या में इस साल दिसंबर में अयोध्या एयरपोर्ट को शुरू किया जा सकता है। इसके अलावा केंद्र सरकार हवाई अड्डे को करीब पांच गुना तक विस्तार देने की योजना भी बना रही है। अयोध्या के एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग 6250 वर्ग मीटर के एरिया में फैली हुई है। पीक आवर्स के दौरान यहां पर बड़े आराम से 500 यात्रियों को संभाला जा सकता है। वहीं, अयोध्या के एयरपोर्ट का रनवे 2,200 मीटर का है। इस पर एक साथ चार फ्लाइट्स को पार्क किया जा सकता है।

000

प्रातिक्रिया दे