मोहर्रम के जुलूस में पुलिस की जीप से खींचकर की थी युवक की हत्या

-16 साल से फरार गोरखपुर दंगे का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

(फोटो : आरोपी)

गोरखपुर। गोरखपुर में साल 2007 में हुए दंगे के मुख्य आरोपी 16 साल से फरार मोहम्मद शमीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दरअसल, साल 2007 में मोहर्रम के जुलूस के दौरान राजकुमार अग्रहरि नाम के युवक को पुलिस की जीप से खींचकर चाकुओं और तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई थी। गोरखपुर की कोतवाली पुलिस ने तिवारीपुर थाना क्षेत्र के निजामपुर के रहने वाले साल 2007 के गोरखपुर दंगे के मुख्य आरोपी मोहम्मद शमीम को 16 साल बाद गिरफ्तार किया है। 16 अगस्त 2007 में ही जमानत पर छूटने के बाद से वो फरार चल रहा था। इस मामले में उसे साल 2012 में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है।

ऐसे हुआ विवाद

बता दें कि राजकुमार अग्रहरि घटना के समय आमलेट बेचने वाले के ठेले पर आमलेट खा रहा था। इसी दौरान वहां से मोहर्रम का जुलूस गुजर रहा था। मोहम्मद शमीम, उसके पिता शफीउल्लाह और उसके साथी जुलूस में मौजूद थे। आमलेट के ठेले पर किसी बात को लेकर मृतक राजकुमार अग्रहरि से विवाद हुआ और इसके बाद मोहम्मद शमीम और उसके साथियों ने एकजुट होकर धर्मसूचक गालियां देते हुए राजकुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। पुलिस ने घायल राजकुमार को बेसुध हालत में जीप में अस्पताल ले जाने के लिए लादा, इसी दौरान आरोपियों ने उसे पुलिस की जीप से खींचकर तलवार और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

000

प्रातिक्रिया दे